कोटा/कोटा में नीट पेपर लीक मामले को लेकर नेशनल कांग्रेस वर्कर्स कमेटी के पदाधिकारियों ने विभिन्न चौराहों पर प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री और राजस्थान के शिक्षा मंत्री के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलविंदर सिंह मेहता, राष्ट्रीय सचिव के. राजू, राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आबिद खान एवं प्रदेश महासचिव फिरोज अली ने किया। प्रदर्शन के दौरान शहर के सीएडी सर्कल, छावनी चौराहा, कोटरी चौराहा और दादाबाड़ी चौराहे पर विरोध प्रदर्शन कर भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदेश महासचिव फिरोज अली ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कोटा जिला अल्पसंख्यक अध्यक्ष रोशन अली ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ रही है।
प्रदेश अध्यक्ष आबिद खान ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में आबिद खान, नितिन गौतम, रोशन अली, फिरोज अली, साहिल खान, देवेंद्र शर्मा, आलोक मीणा, नरेंद्र सिंह और आजाद कनपुरिया सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।






