अब कोटा में सिर्फ रैंकर नहीं क्रिकेट खेल के धुरंधर रनर भी बनेंगे
रैंकर फैक्ट्री बनेगी अब रनर फैक्ट्री
हाड़ौती संभाग की शहरी ग्रामीण क्षेत्र की क्रिकेट खेल प्रतिभाओं के लिए खुला मंच
लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला के आज हुए विश्वस्तरीय क्रिकेट स्टेडियम के भूमि पूजन से कोटा नगरी के स्पोर्ट्स हब के विजन को मिलेगी नई उड़ान
“अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एवं आधुनिक एक्वाटिक सेंटर का भूमि पूजन और शिलान्यास, हाड़ौती की खेल प्रतिभाओं, पर्यटन, रोजगार और निवेश के नए द्वार खोलने की दिशा में ऐतिहासिक पहल। दूरदर्शी नेतृत्व, आधुनिक अधोसंरचना और जनभागीदारी से कोटा बन सकता है देश का नया स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन”
कोटा की विकास यात्रा में 25 नवंबर 2026 एक महत्वपूर्ण तारीख के रूप में याद किया जाएगा। जिस शहर ने दशकों तक देश को डॉक्टर और इंजीनियर बनाने वाली शिक्षा नगरी के रूप में वैश्विक पहचान दिलाई, वही शहर अब खेलों के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान गढ़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से कोटा के नयापुरा स्थित जेके पवेलियन स्टेडियम परिसर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एवं आधुनिक एक्वाटिक सेंटर का भूमि पूजन और शिलान्यास इसी परिवर्तन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। करीब 130 करोड़ रुपये की प्रस्तावित लागत वाली यह परियोजना केवल खेल सुविधाओं का निर्माण नहीं, बल्कि हाड़ौती की युवा प्रतिभाओं के सपनों को नई उड़ान देने का संकल्प है।

शिक्षा नगरी से वैश्विक खेल पहचान तक
कोटा की पहचान अब तक शिक्षा, कोचिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणामों से जुड़ी रही है। लेकिन बदलते भारत में किसी शहर का विकास केवल एक आर्थिक गतिविधि या पहचान तक सीमित नहीं रह सकता। शिक्षा के साथ खेल, पर्यटन, निवेश और रोजगार को जोड़ना समय की आवश्यकता है। आज का भूमि पूजन इसी व्यापक विकास दृष्टि का प्रतीक है।प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम में लगभग 10 हजार दर्शकों की क्षमता, आधुनिक क्रिकेट पिच, अभ्यास पिच, पवेलियन, कमेंटेटर बॉक्स, फ्लड लाइट और टीवी प्रसारण जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। निर्माण पूरा करने का लक्ष्य अगस्त 2028 निर्धारित किया गया है। इसके साथ प्रस्तावित एक्वाटिक सेंटर में 50×25 मीटर का ओलंपिक मानक का स्विमिंग पूल, दर्शक दीर्घा तथा अभ्यास और बच्चों के लिए अलग पूल विकसित किए जाने की योजना है। यह परियोजना क्रिकेट के साथ तैराकी को भी कोटा के खेल विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएगी।
विश्वस्तरीय स्टेडियम का अर्थ केवल भव्य इमारत और बड़ी दर्शक क्षमता नहीं है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों की पिच, प्रशिक्षित कोच, खेल विज्ञान, खिलाड़ियों की चिकित्सा सुविधाएं, नियमित प्रतियोगिताएं और मजबूत प्रबंधन व्यवस्था भी आवश्यक है। कोटा को शुरुआत से ही इसी दीर्घकालिक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा।

ओम बिरला का विजन, बदलते कोटा की नई तस्वीर
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की विकास संबंधी सोच का महत्वपूर्ण पक्ष कोटा-बूंदी क्षेत्र को शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में भी अग्रणी बनाना है। खेल अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में उनकी सक्रियता इसी सोच को दर्शाती है। श्रीनाथपुरम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विकसित सिंथेटिक वॉकिंग ट्रैक, बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल कोर्ट और मल्टीपरपज हॉल जैसी सुविधाएं इस व्यापक प्रयास की कड़ियां हैं।किसी शहर का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और नागरिक सुविधाएं एक-दूसरे की पूरक बनें। कोटा में क्रिकेट स्टेडियम और एक्वाटिक सेंटर का भूमि पूजन इसी समग्र विकास की संभावनाओं को मजबूत करता है। इस पहल को राज्य सरकार, खेल विभाग और संबंधित खेल संस्थाओं के सहयोग से आगे बढ़ाना आवश्यक है।
हाड़ौती की प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के गांवों तथा कस्बों में क्रिकेट और अन्य खेलों के प्रति जबरदस्त उत्साह है। अनेक प्रतिभाशाली युवा सीमित संसाधनों में अभ्यास करते हैं। उन्हें प्रतिभा के अनुरूप मैदान, आधुनिक उपकरण, योग्य प्रशिक्षक और प्रतियोगिताओं का अवसर मिलना चाहिए।
कुणाल सिंह राठौड़ जैसी हाड़ौती की उभरती क्रिकेट प्रतिभाएं प्रमाण हैं कि इस क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर चमकने की क्षमता मौजूद है। जरूरत है इन प्रतिभाओं को पहचानने और तराशने की। भविष्य में जब कोटा में रणजी ट्रॉफी, आयु वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं और अन्य बड़े मुकाबले आयोजित होंगे, तब स्थानीय खिलाड़ियों को अपने शहर में ही उच्चस्तरीय क्रिकेट का अनुभव मिलेगा। संबंधित संस्थाओं की स्वीकृति और आवश्यक मानक पूरे होने पर आईपीएल तथा अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी की संभावनाएं भी विकसित की जा सकती हैं।
खेलों का यह विस्तार केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहना चाहिए। एथलेटिक्स, तैराकी, फुटबॉल, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल में भी प्रतिभा विकास केंद्र स्थापित किए जाएं। ग्रामीण खिलाड़ियों और बेटियों को विशेष अवसर, छात्रवृत्ति और प्रशिक्षण सहायता उपलब्ध कराई जाए।स्पोर्ट्स हब बनने से बदलेगी अर्थव्यवस्था
आधुनिक स्टेडियम किसी शहर की अर्थव्यवस्था के लिए भी बड़ा अवसर होता है। राष्ट्रीय और अंतरराज्यीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ी, दर्शक, खेल अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि कोटा पहुंचेंगे। इससे होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, स्थानीय बाजार और इवेंट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
खेल प्रबंधन, फिजियोथेरेपी, स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन, फिटनेस ट्रेनिंग, खेल पत्रकारिता और स्पोर्ट्स फोटोग्राफी जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए करियर विकसित हो सकते हैं। निवेशकों के लिए स्पोर्ट्स एकेडमी, खिलाड़ियों के हॉस्टल, फिटनेस सेंटर और खेल पर्यटन से जुड़े व्यवसायों की संभावनाएं खुलेंगी।
कोटा पहले से ही देशभर के विद्यार्थियों के आगमन से जुड़ी बड़ी अर्थव्यवस्था रखता है। यदि खेल पर्यटन भी इससे जुड़ता है तो शहर की आर्थिक गतिविधियों को नया आधार मिल सकता है। शिक्षा नगरी के साथ खेल नगरी की पहचान कोटा के लिए विकास का नया मॉडल बन सकती है।

मैनेजमेंट विश्लेषक डॉ. नयन प्रकाश गांधी का स्पोर्ट्स हब रोडमैप
कोटा को वास्तविक स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए छह प्राथमिकताओं पर काम जरूरी है। पहला, हाड़ौती के गांवों और कस्बों में प्रतिभा खोज अभियान चलाया जाए। दूसरा, क्रिकेट के साथ अन्य लोकप्रिय खेलों के प्रशिक्षण केंद्र विकसित हों। तीसरा, राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों और खेल विज्ञान विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध हों। चौथा, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन, बीसीसीआई और संबंधित खेल महासंघों से समन्वय स्थापित कर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का नियमित कैलेंडर बनाया जाए। पांचवां, स्थानीय खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण समय, छात्रवृत्ति और खेल सुविधाओं में प्राथमिकता सुनिश्चित हो। छठा, स्टेडियम के साथ परिवहन, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता और हरित क्षेत्र की बेहतर व्यवस्था विकसित की जाए।
इन सभी प्राथमिकताओं के बीच स्वच्छता सबसे महत्वपूर्ण है। कोटा को स्वच्छता में देश के अग्रणी शहरों में शामिल करने के लिए जनभागीदारी को जनआंदोलन बनाना होगा। स्वच्छता विकास की पहली सीढ़ी है। जब तक नागरिक अपने क्षेत्र को साफ रखने की जिम्मेदारी स्वयं नहीं लेंगे, तब तक आधुनिक अधोसंरचना का पूरा लाभ नहीं मिल सकता। छोटी-छोटी आदतों में परिवर्तन, कचरे का उचित निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की देखभाल और सामूहिक जागरूकता से बड़ा परिवर्तन संभव है। नगर निगम, जिला प्रशासन, पक्ष-विपक्ष के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर इस लक्ष्य के लिए एकजुट होना होगा।

हाड़ौती से निकलेगी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान
कोटा-बूंदी क्षेत्र में पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं। चंबल नदी, मुकुंदरा हिल्स, ऐतिहासिक गढ़ों और सांस्कृतिक विरासत के साथ यदि खेल पर्यटन का नया आयाम जुड़ता है तो हाड़ौती की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो सकती है। कल्पना कीजिए, एक ओर चंबल के किनारे पर्यटकों की चहल-पहल हो, दूसरी ओर आधुनिक स्टेडियम में हजारों दर्शक क्रिकेट का रोमांच देख रहे हों और इसी शहर की खेल अकादमियों में देशभर के युवा प्रशिक्षण ले रहे हों। यह तस्वीर कोटा की नई आर्थिक और सामाजिक पहचान बन सकती है।
इसके लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, अंतरराज्यीय टूर्नामेंट, प्रशिक्षण शिविरों और खेल आयोजनों का नियमित कैलेंडर तैयार करना होगा। राज्य सरकार, कोटा विकास प्राधिकरण, खेल विभाग, जिला प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और निजी क्षेत्र को साझा विकास मंच पर लाना होगा। ओम बिरला की इस पहल को व्यापक जनभागीदारी और संस्थागत सहयोग से स्थायी खेल संस्कृति में बदलना समय की आवश्यकता है।
अब कोटा को सपनों की नई उड़ान देनी है!
आज का भूमि पूजन केवल एक स्टेडियम की आधारशिला नहीं, बल्कि हाड़ौती की हजारों युवा आकांक्षाओं की नींव है। ओम बिरला के प्रयासों की वास्तविक सफलता तब होगी, जब इस आधुनिक खेल अधोसंरचना का लाभ किसी बड़े शहर या संपन्न परिवार तक सीमित न रहकर गांवों के साधारण परिवारों के बच्चों तक पहुंचेगा। जब किसी ग्रामीण प्रतिभा को अपने ही संभाग में राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण मिलेगा, जब बेटियां खेलों में आगे बढ़ेंगी और स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित होंगे, तभी यह परियोजना अपने व्यापक सामाजिक उद्देश्य को प्राप्त करेगी।कोटा को अब केवल कोचिंग सिटी नहीं, बल्कि एजुकेशन, स्पोर्ट्स, टूरिज्म और यूथ एम्पावरमेंट के एकीकृत केंद्र के रूप में विकसित करने का समय है। इसके लिए निरंतर प्रयास, पारदर्शी प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों का सहयोग और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।आज जो आधारशिला रखी गई है, उसे आने वाली पीढ़ियों के सपनों का मजबूत आधार बनाना होगा। कोटा की धरती में प्रतिभा भी है, ऊर्जा भी है और आगे बढ़ने का संकल्प भी। जरूरत है सही दिशा, दूरदर्शी नेतृत्व और सामूहिक प्रयासों की।शिक्षा की नगरी कोटा अब खेलों के मैदान में भी इतिहास रचने की तैयारी में है। किताबों के साथ बल्ले से, पिच के साथ स्विमिंग पूल से और ज्ञान के साथ खेल प्रतिभा से सफलता की नई इबारत लिखने का यह ऐतिहासिक अवसर है।आज भूमि पूजन हुआ है, कल इसी धरती से हाड़ौती की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर कोटा का नाम रोशन करेंगी। यही नए कोटा का सपना है, यही स्पोर्ट्स हब बनने की ऐतिहासिक उड़ान है!

✍️ डॉ. नयन प्रकाश गांधी- पब्लिक पॉलिसी एक्सपर्ट, मैनेजमेंट विश्लेषक एवं स्वतंत्र मीडिया स्तंभकार






