कोटा में हॉस्टल से दिनदहाड़े LED टीवी चोरी, सोफा कवर में बांधकर ले गया बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात
गार्ड के चाय पीने जाते ही रिसेप्शन में घुसा चोर, पहले दो बार की रैकी, फिर चंद सेकेंड में 36 इंच की LED लेकर फरार
कोटा के महावीर नगर प्रथम इलाके में दिनदहाड़े हॉस्टल से LED टीवी चोरी होने का मामला सामने आया है। शातिर बदमाश ने पहले हॉस्टल की रैकी की और मौका मिलते ही रिसेप्शन में घुसकर दीवार पर लगी 36 इंच की LED टीवी उतार ली। इसके बाद टीवी को सोफा कवर में बांधा और आसानी से लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात हॉस्टल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
हॉस्टल मालिक पारस जैन के मुताबिक, महावीर नगर प्रथम में उनका 22 कमरों का हॉस्टल है। रविवार 22 नवंबर की शाम करीब 6 बजे वे परिवार सहित विज्ञान नगर में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। हॉस्टल में गार्ड मौजूद था, लेकिन इसी दौरान गार्ड चाय पीने चला गया। पीछे से बाइक सवार बदमाश हॉस्टल में घुस गया।
बदमाश ने सबसे पहले रिसेप्शन में चोरी करने लायक सामान तलाशा। जब उसे कुछ नहीं मिला तो उसने दीवार पर लगी LED टीवी को निशाना बनाया। टीवी उतारकर सोफा कवर में बांधा और कुछ ही सेकेंड में मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि बदमाश ने वारदात से पहले बाकायदा रैकी की थी। वह दो बार हॉस्टल में दाखिल हुआ और दूसरी बार मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
हॉस्टल मालिक 23 नवंबर को काम के सिलसिले में गांव चले गए थे। इसके बाद 24 नवंबर को चोरी की शिकायत जवाहर नगर थाने में दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। फिलहाल CCTV फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान और तलाश की जा रही है।








