हीरोइन ऑफ हाईजैक – नीरजा भनोट
✍️ इंजी रघुराज सिंह कर्मयोगी
बच्चो,भारतभूमि की अस्मिता पर जब भी किसी आतताई ने अपनी नजर को कोण दिया है। तब तब अदम्य साहसी व्यक्तित्व इस धरा धाम पर आगे आए हैं। उन्होंने जान की बाजी लगाकर देश की आन, बान और शान की रक्षा की है। वे सदा सदा के लिए इतिहास में अमर हो गए। इस कार्य में बेटियां भी पीछे नहीं रही हैं। महारानी लक्ष्मीबाई,झलकारी बाई,अहिल्याबाई होलकर, कमलेश कुमारी यादव का नाम गर्व से लिया जाता है। इन्होंने दुश्मनों से लोहा लेकर भारत भूमि की रक्षा की है। उनमें से एक थीं: नीरजा भनोट। उनका जन्म 7 सितं. सन् 1963 को पिता हरीश भनोट और माता रमा भनोट के आंगन में हुआ था। उनका परिवार चंडीगढ़ में रहता था। यह समय की बात है जब पंजाब का बंटवारा नहीं हुआ था। संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ ही थी। नीरजा के पिता मुंबई में पत्रकारिता करते थे। नीरजा की प्रारंभिक शिक्षा चंडीगढ़ के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई। इसके पश्चात वह पिता के पास मुंबई आ गईं। यहां उन्होंने स्कॉटिश स्कूल और सेंट जेवियर्स कॉलेज में पढ़ाई की। विवाह के बाद वह पति के साथ खाड़ी देश चली गईं। कुछ दिन बाद ही उनके रिश्तों में दरार आ गई। वह पुनः पिता के पास लौट आईं।
नीरजा भनोट ने पैन एम.एयर लाइंस में विमान परिचारिका के लिए आवेदन किया। यह कंपनी अमेरिका की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस थी। कुशाग्र बुद्धि होने के कारण उनका इस पद पर चयन हो गया। प्रशिक्षण के बाद वह परिचारिका की नौकरी करने लगीं। 5 सितं.1986 को मुंबई से न्यूयार्क के लिए पैन एम – 73 विमान उड़ान भर रहा था। फिलिस्तीनी आतंकवादियों ने कराची में विमान का अपहरण कर लिया । यात्री बंधक बना लिए गए। नीरजा उस विमान में सीनियर पर्सर के रूप में तैनात थी। पर्सर विमान का वह अधिकारी होता है जो कोष, लेखाकार्य और प्रशासन संभालता है। यात्रियों से पैसों का लेन-देन, कागजी कार्रवाई और क्रू का प्रबंधन उसी के पास होता है। विमान कंपनी में इसे केबिन मैनेजर भी कहते हैं।
इस कठिन परिस्थिति में नीरजा का दिमाग तेजी से चल रहा था। उसने चालक दल के सदस्यों को विमान के कॉकपिट से सुरक्षित निकाल दिया। वरिष्ठ विमानकर्मी होने के नाते यात्रियों की पूरी जिम्मेदारी अब नीरजा पर आ गई।
विमान को अपहृत हुए 17 घंटे बीत गए। सरकार एवं अपहरण कर्ताओं में कोई समझौता नहीं हो आ रहा था। आतंकवादियों ने यात्रियों की हत्या करना प्रारंभ कर दिया। विमान में विस्फोटक लगा दिए। इस बीच किसी तरह नीरजा विमान का दरवाजा खोलने में सफल हो गईं। यात्रियों को विमान से बाहर निकलने का रास्ता मिल गया। वह चाहती तो दरवाजा खोलते ही स्वयं बाहर आ सकती थीं। परंतु उन्होंने ऐसा नहीं किया। यह उनके अंदर संवेदनशीलता की पराकाष्ठा थी।
मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपनी जान की परवाह नहीं की। एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया। पहले विमान से यात्रियों को बाहर निकालना चाहिए। अतः नीरजा ने यात्रियों को सुरक्षित निकालने का मार्ग प्रशस्त किया। वह यात्रियों के तीन बच्चों को निकाल रही थीं। तभी उन पर एक आतंकवादी की नजर पड़ गई। उसने बच्चों पर गोली चलाना चाही। नीरजा ने शीघ्रता करते हुए बच्चों को यात्री के हवाले किया और आतंकवादी के सामने आ गईं। उसका मुकाबला करने लगीं। उसकी बंदूक छीनने का प्रयास किया।
इस कार्यवाही से आतंकवादी बौखला गया। उसने नीरजा भनोट पर गोलियों की बौछार कर दी। राइफल की मैगजीन में जितनी गोलियां थीं। सारी की सारी नीरजा के शरीर में उतार दीं। इससे वह वीरगति को प्राप्त हो गईं। इस अदम्य साहस,अपूर्व शौर्य एवं उद्भट प्रदर्शन के लिए उनका नाम इतिहास के पन्नों पर दर्ज हो गया। राष्ट्रीय स्तर पर वह “हीरोइन ऑफ हाईजैक” के रूप में विख्यात हुईं। भारत सरकार ने उन्हें आतंकवादियों का अदम्य साहस के साथ मुकाबला करने एवं असाधारण शौर्य प्रदर्शन के लिए मरणोपरांत सर्वोच्च वीरता पुरस्कार “अशोक चक्र” से अलंकृत किया। यह पुरस्कार शांति काल मे अरब में साहस एवं विलक्षण बहादुरी के लिए दिया जाता है।
इस वीरतापूर्ण कार्य से समस्त भारतवासियों का माथा गर्व से ऊंचा हो गया। अमेरिकन सरकार ने भी उन्हें सम्मानित किया। इस घटना पर आधारित एक फिल्म भी बनाई गई। जिसमें उनकी भूमिका सोनम कपूर ने निभाई थी। बच्चो, भारत स्वतंत्र होने के बाद महिलाओं में केवल नीरजा भनोट और कमलेश कुमारी यादव को अशोक चक्र मिले हैं। इस कहानी से शिक्षा मिलती है कि हमें विचलित हुए बिना आपातकाल में भी मानवता की रक्षा करनी चाहिए। भले ही प्राणों का बलिदान करना पड़े। इससे हमारी आने वाली पीढ़ियां उनकी शहादत से प्रेरित होकर भारत भूमि की रक्षा में अग्रिम पंक्ति में खड़ी मिलेंगी। राष्ट्र की सुरक्षा ही उनका प्रथम कर्तव्य होगा।
रचना अप्रकाशित एवं मौलिक है।






