कोटा।कांग्रेस प्रदेश कमेटी की कोटा प्रभारी अर्चना शर्मा ने प्रेस वार्ता करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 को लोकसभा में पारित कराने के बावजूद भाजपा ने इसे लागू करने में देरी कर राजनीति का खेल खेला है। उनका आरोप है कि भाजपा ने आगामी 2026 में पांच राज्यों के चुनाव को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से इस मुद्दे को इस्तेमाल किया है।
अर्चना शर्मा ने कहा कि भाजपा महिलाओं के हितों की बात तो करती है, लेकिन वास्तविकता में उन्हें केवल भ्रमित करने का काम कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को सशक्त बनाना चाहती है तो बिल को तुरंत प्रभाव से लागू क्यों नहीं किया गया।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे, जिनमें शहर जिला अध्यक्ष राखी गौतम, देहात अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, लाडपुरा के प्रत्याशी नईमुद्दीन गुड्डू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आईना महा, कोटा उत्तर की महापौर मंजू मेहरा और पूर्व देहात अध्यक्ष रुक्मणी मीणा शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी आने वाले चुनावों में जनता के बीच जाकर सच्चाई उजागर करेगी और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।






