भारत सिंह चौहान
कोटा /विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, स्थानीय संघ कोटा दक्षिण तथा शिक्षा विभाग कर्मचारी सहकारी सभा 696 के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आवासन मंडल, केशवपुरा में एक प्रेरणादायक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों एवं आमजन को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने का संदेश देना था।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता शिक्षा सहकारी के अध्यक्ष एवं स्काउट-गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मैनेजर श्याम सुन्दर शर्मा ने की। डायरेक्टर दिनेश कुमार मीना विशिष्ट अतिथि थे कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुई, जिसमें अतिथियों का स्वागत कर पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
अपने उद्बोधन में प्रकाश जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पृथ्वी का संतुलन बिगड़ता जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि आज से ही हम छोटे-छोटे प्रयास शुरू करें, तो भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सकता है। उन्होंने स्काउट-गाइड के माध्यम से सेवा, अनुशासन और प्रकृति संरक्षण के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सहकारिता वर्ष के अंतर्गत शिक्षा सहकारी एवं स्काउट-गाइड के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आवासन मंडल, केशवपुरा तथा नयागांव में ‘परिंडा अभियान’ की भी शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध कराने हेतु परिंदे (जलपात्र) लगाए जाएंगे। जायसवाल ने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत लगभग 2000 परिंदे विभिन्न स्थानों पर बांधे जाएंगे, जिससे पक्षियों को राहत मिल सकेगी और लोगों में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी।
कार्यक्रम में डायरेक्टर दिनेश कुमार मीना, प्रधानाचार्य भूपेंद्र अग्रवाल, वंदना रावल, मुकेश कसाना , पवन नामदेव, सुमन गुप्ता, सीमा मीना, द्रौपदी मेहरा, आनंद शर्मा, गिरिजा सुमन, मनीषा शर्मा, गीता शर्मा, सुनीता bhati, अनीता शर्मा, गोवर्धन सिंह, नीलम, योगिता, मनीषा यादव, सोमिया बंसल, धरणी कुमारी, डिम्पल, अनामिका और पायल प्रजापति सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
अध्यक्षता कर रहे श्याम सुन्दर शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि यह हमें निरंतर जागरूक रहने का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि स्काउट-गाइड जैसी संस्थाएं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस मौके पर स्वच्छता सप्ताह की भी शुरुआत की गई। इसके अंतर्गत विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित शपथ भी ली और स्वच्छ व हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
संगोष्ठी के अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने न केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित भी किया। इस प्रकार विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर आयोजित यह संगोष्ठी और अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।






