कोटा शहर से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां रेलवे कॉलोनी इलाके की सरस्वती कॉलोनी निवासी विवाहिता मीरा लोधी की जयपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पीहर पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या बताया है।
मृतका के भाई केशव वर्मा के अनुसार, उनकी बहन की शादी वर्ष 2013 में वीरेंद्र लोधी से हुई थी और वह जयपुर में अपने पति के साथ रह रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मीरा की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उसका गला घोंटकर हत्या की गई है।
घटना के बाद मृतका का पति शव को लेकर कोटा पहुंचा, जहां परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम को भी रिपोर्ट सौंपी है।
रेलवे कॉलोनी थाना अधिकारी ने बताया कि पूरा घटनाक्रम जयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र का है। ऐसे में कोटा पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की सूचना प्रताप नगर थाना जयपुर को भेज दी है।
फिलहाल जयपुर पुलिस की टीम कोटा पहुंच रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।






