भारत सिंह चौहान
कोटा । मूकनायक मीडिया की प्रमुख संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार मीना कोटवाल का आज कोटा शहर में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर के सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों एवं युवाओं द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट अन्सार इन्दौरी ने बताया कि मीना कोटवाल ने ‘मूकनायक मीडिया’ के माध्यम से दलित उत्पीड़न, शिक्षा में भेदभाव, भूमि अधिकार और आरक्षण से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया। ग्रामीण क्षेत्रों में दलित महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर किया। दलित युवाओं के लिए डिजिटल मीडिया प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर उन्हें मुख्यधारा की पत्रकारिता से जोड़ा।
इसके अलावा मॉब लिंचिंग, NRC-CAA आंदोलन, और अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों के मुद्दों पर तथ्यात्मक रिपोर्टिंग कर पीड़ित पक्ष की आवाज उठाई। कोविड काल में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ फैलाई गई अफवाहों का खंडन कर निष्पक्ष पत्रकारिता का उदाहरण पेश किया। मुस्लिम महिलाओं के शिक्षा और रोजगार से जुड़े सकारात्मक प्रयासों को मंच दिया। इस मौके पर मीना कोटवाल ने कोटा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य संविधान की भावना को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है और यह सम्मान उन्हें और जिम्मेदारी से काम करने की प्रेरणा देगा।
उन्होंने कहा कि मूकनायक मीडिया को उन्होंने ऐसा मंच बनाया जहां दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और महिला पत्रकार बिना भय के अपनी बात रख सकें। उनके नेतृत्व में मूकनायक देश के उन चुनिंदा डिजिटल प्लेटफॉर्म में शामिल हुआ जो वंचित तबकों के सवालों को केंद्र में रखता है।
कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट अन्सार इन्दौरी ने कहा कि मीना कोटवाल की पत्रकारिता संविधान, सामाजिक न्याय और अभिव्यक्ति की आजादी के मूल्यों को मजबूत करती है।
इस नागरिक अभिनंदन समारोह में कोटा शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने माला पहना कर मीना कोटवाल का सम्मान किया।





