Thursday, August 13, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

अभेड़ा महल में देर रात घुसा भालू, कचरे में भोजन तलाशते कैमरे में कैद

कोटा।कोटा शहर के नांता इलाके में स्थित ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थल अभेड़ा महल में देर रात जंगल से निकलकर एक भालू परिसर के भीतर घुस आया। भालू काफी समय तक महल परिसर में घूमता रहा और इस दौरान वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो अब सामने आया है।

वीडियो में भालू महल परिसर में रखे डस्टबिन के पास कचरे में भोजन तलाशता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि भालू भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर सीधे परिसर तक पहुंच गया।

अभेड़ा महल के आसपास घना वन क्षेत्र है, जहां अक्सर पैंथर, भालू सहित अन्य जंगली जीवों की आवाजाही बनी रहती है। यह स्थान कोटा का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने, बोटिंग करने और रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचते हैं। कई बार पर्यटक और रेस्टोरेंट स्टाफ खाने-पीने की चीजें इधर-उधर फेंक देते हैं या एक स्थान पर जमा कर देते हैं, जिससे जंगली जीवों को भोजन की गंध आकर्षित करती है और वे आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं।

मामले पर डीएफओ अनुराग भटनागर ने बताया कि अभेड़ा महल में भालू के घुसने का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कचरे में भोजन ढूंढता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और रेस्टोरेंट संचालकों की लापरवाही वन्यजीवों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। यदि भालू पॉलिथीन या अन्य हानिकारक वस्तुएं खा लेता है तो इससे उसके स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

डीएफओ ने स्पष्ट किया कि साफ-सफाई में लापरवाही बरतने पर संबंधित रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा और जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles