Friday, August 21, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

नोएडा में हाईटेक OTT ठगी का पर्दाफाश: 24 साल की युवती गैंग लीडर, विदेशी नागरिक बने निशाना

( प्रतीकात्मक इमेज)

दिल्ली से सटे नोएडा में फेज-1 थाना पुलिस ने एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है, जो आलीशान ऑफिस से विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। इस गिरोह की सरगना 24 वर्षीय बीए पास युवती तनिष्का बताई जा रही है, जो अपने बॉयफ्रेंड अनिल बघेल सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर इस अवैध धंधे को संचालित कर रही थी।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-2 स्थित एक निजी कंपनी के नाम पर संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। छापेमारी के दौरान सामने आया कि यहां अवैध कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था, जहां से अमेरिका समेत अन्य देशों में रह रहे भारतीय मूल के लोगों को कॉल कर सस्ते ओटीटी सब्सक्रिप्शन का लालच दिया जाता था। आरोपियों द्वारा नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो जैसे प्लेटफॉर्म के नाम पर ग्राहकों से 100 से 300 डॉलर तक वसूले जाते थे।

जांच में सामने आया कि शुरुआत में ग्राहकों को अस्थायी रूप से सेवा दी जाती थी, लेकिन कुछ महीनों बाद सब्सक्रिप्शन बंद कर दिया जाता था। इसके बाद रिन्यूअल के नाम पर दोबारा रकम की मांग की जाती थी। ठगी को छिपाने के लिए इंटरनेट कॉलिंग, फर्जी पहचान नंबर और विशेष सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लैपटॉप, राउटर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। प्राथमिक जांच में कई बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन का पता चला है, जिन्हें फ्रीज कर दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहन जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles