कोटा। लगातार बारिश के चलते हैं कोटा सहित मंडल के कई स्टेशनों की कॉलोनियों और घरों में पानी भर गया है। कई जगह स्थिति इतनी गंभीर है कि कर्मचारियों को घरों में और ड्यूटी आने-जाने में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात में यह परेशानी और ज्यादा हो रही है।
कोटा में रेलवे पुरानी कॉलोनी में भी कई घरों में एक से डेढ़ फुट तक पानी भर गया। घर में पानी भरने से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्गों को भारी दिक्कतें हुईं। पानी भरने से क्वार्टर नंबर 85/ई तालाब बन गया। लगातार बारिश से कई आवाज टपक गए। इससे लोगों के घरों का सामान खराब हो गया। न्यू रेलवे कॉलोनी में कई जगह सड़के पूरी तरह पानी में डूबी हुई थी। टूटी हुई नालियों का पानी सड़कों पर आ रहा था। पानी के साथ बहकर आया नाली की गंदगी सड़कों पर जमी हुई थी। इसके चलते यहां पर कई जगह पैदल निकलने वालों तक को जगह नहीं थी। कर्मचारियों ने बताया कि मकान की मरम्मत तो दूर यहां पर नाली और सड़कों की सफाई तक नहीं होती है।
भरतपुर में कॉलोनी बनी टापू
भारी बारिश के चलते भरतपुर में रेलवे कॉलोनी टापू बन गई है। यहां पर सड़कों पर डेढ़ से दो फीट तक पानी भरा हुआ है। गंदा पानी कर्मचारियों के घरों में घुस रहा है। बारिश में यहां पर पुराने घरों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। घरों में लगातार पानी भरे रहने से खाने-पीने और सोने तक में कर्मचारियों को परेशानी हो रही है।
लाखेरी लाइन पर भरा पानी
लाखेरी क्षेत्र में हुई तेज बारिश के चलते यहां रेलवे लाइन पर भी पानी भर गया। हालांकि यहां पर रेल संचालन प्रभावित नहीं हुआ। इसके अलावा मंडल के कई अंडर ब्रिजों में भी पानी भर गया। इसके चलते रहागीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।






