कोटा/साईं बाबा के गगनचुम्बी गूंजते जयकारे, पारम्परिक परिवेश में पुरुष व महिलाएं, केसरिया साफा और भक्ती भाव में सराबोर भक्तों की टोली, आकर्षक झांकिया, साईं बाबा के दर्शनों के लिए आतुर भक्त और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत का सिलसिला चलता रहा, ये नजारा गुरू पूर्णिमा महोत्सव के तहत हर वर्ष को भांती इस बार भी गढ पैलेस स्थित साई मंदिर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा में देखने को मिला। इस बार शोभायात्रा बेहद ही आकर्षक व मनोहारी लग रही थी, मंदिर समिति के साईं भक्त शिशु पंचोली, चंद्रप्रकाश जेठी ने बताया कि सुबह लोकसभा अध्यक्ष मंदिर प्रांगण में पहुंचे जहां उनका मदिर समिति की ओर से स्वागत किया गया। लोकसभा अध्यक्ष ने साईं बाबा का तिलक, अक्षत, चंदन लगाकर पूजन किया और सभी को गुरू पूर्णिमा की शुभकामनाएं दी। दोपहर को चांदी की पालकी में जैसे ही बाबा को विराजमान किया गया भक्तों ने जोशीले उद्घोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साईं बाबा चांदी की पालकी में विराजमान होकर नगर भ्रमण को निकलें तो लोगों का हुजूम उमड़ गया। शोभायात्रा में झाकियां, ढोल, बैंड आकर्षण का केंद्र रहे। जीवंत झांकियों ने लोगों को बेहद ही प्रभावित किया। साईबाबा के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को दशार्ते चार झांकियां लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र रही, ये झांकियां साईं बाबा के चमत्कारों, शिक्षाओं और उनके द्वारा स्थापित मूल्यों को प्रदर्शित कर रही थी।
गुरू पूर्णिमा के अवसर चांदी की पालकी में नगर भ्रमण को निकले साईं बाबा






