कोटा /पंचायती राज चुनाव के तहत कोटा जिले में नई पंचायत समितियां और नई ग्राम पंचायत के प्रस्ताव तैयार कर प्रस्ताव का प्रकाशन कर दिया है। प्रस्ताव के तहत 54 नई ग्राम पंचायतें व 4 नई पंचायत समितियों के गठन की तैयारी की है। जिन पर 6 मई तक आपत्ति मांगी गई है। एडीएम प्रशासन मुकेश चौधरी ने बताया कि प्रस्ताव के अनुसार चेचट, कनवास, सीमल्या और खातौली नई पंचायत समितियां बनेंगी। नए प्रस्ताव के अनुसार जिले में अब 206 ग्राम पंचायत और 9 पंचायत समितियां होंगी। जिले में 101 ग्राम पंचायतों का पुनर्गठन किया गया है, जबकि 51 को यथावत रखा है। आमजन 6 मई तक तहसील कार्यालय, विकास अधिकारी कार्यालय, उपखण्ड कार्यालय, कलेक्ट्रेट में आपत्तियां दर्ज करवा सकेंगे।
वर्तमान में 5 पंचायत समितियों में 152 ग्राम पंचायतें : वर्तमान में जिले में 5 पंचायत समितियां हैं। इनमें लाडपुरा, खैराबाद, सांगोद, सुल्तानपुर और इटावा पंचायत समिति है। जिनमें 152 ग्राम पंचायतें आती हैं। सांगोद और खैराबाद में 36-36 ग्राम पंचायतें, सुल्तानपुर में 31, इटावा में 30 और लाडपुरा में सबसे कम 19 ग्राम पंचायतें हैं। अब नए प्रस्ताव में 54 नई ग्राम पंचायतें व 4 पंचायत समितियां बनाई गई हैं।





