Monday, November 16, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

भाई दूज एवं राष्ट्रीय प्रेस दिवस की पूर्व संध्या पर मीडिया कर्मियों, समाजसेवियों और प्रतिभाओं का सम्मान

कोटा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शक्ति सरोवर, कमला उद्यान, कुन्हाड़ी में भाई दूज एवं राष्ट्रीय प्रेस दिवस की पूर्व संध्या पर मीडिया क्लब के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मीडिया कर्मियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रतिभा प्रदर्शित करने वाली विभूतियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोटा महापौर अनुसूया गोस्वामी, कोटा विकास प्राधिकरण के राजस्व सलाहकार परमानंद गोयल एवं पूर्व थर्मल अभियंता बिगुल जैन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ कोटा संभाग प्रभारी एवं सेवा केंद्र संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने ईश्वरीय मुरली से किया। उन्होंने कोटा एवं संभाग से आए ब्रह्माकुमारी परिवार के भाई-बहनों को दीपावली एवं भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए आध्यात्मिक जीवन में ज्ञान, पवित्रता और सकारात्मकता के महत्व पर प्रकाश डाला।

इसके बाद उर्मिला दीदी ने अतिथियों का तिलक लगाकर, पटका पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। मीडिया जगत से जुड़े पत्रकारों का राजयोगिनी देविशा दीदी एवं राजयोगिनी प्रीति दीदी ने पटका पहनाकर अभिनंदन किया। वहीं उर्मिला दीदी ने पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।

मुख्य अतिथियों ने ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में मीडिया की अहम भूमिका है। समाजसेवियों एवं प्रतिभाओं का सम्मान अन्य लोगों को भी समाजहित में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।

चावल के दाने पर गायत्री मंत्र लिखकर दिखाई अनूठी कला

समारोह का विशेष आकर्षण सत्यनारायण गोचर रहे। उन्होंने चावल के एक दाने पर गायत्री मंत्र लिखकर अपनी अद्भुत सूक्ष्म कला का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही विश्व की सबसे छोटी हनुमान चालीसा का प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं पत्रकारों को आश्चर्यचकित कर दिया। उनकी इस अनूठी प्रतिभा की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की।

इस अवसर पर सुरभि कला केंद्र के शिवकांत गौतम, नवनीत गौड़, अभिषेक गौतम एवं शिवांश गौतम को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्यों के लिए पवित्र ब्रह्मा भोजन की व्यवस्था की गई। मंच संचालन राजयोगिनी सपना दीदी ने किया। समारोह आध्यात्मिक वातावरण, आपसी सौहार्द और सम्मान की भावना के साथ संपन्न हुआ।

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles