19 नवंबर को कोटा से चलेगी स्पेशल ट्रेन, आरक्षित श्रेणियों में सीटें उपलब्ध, श्रद्धालु करा सकते हैं टिकट बुकिंग
कोटा। राजस्थान के सीकर जिले में 20 नवंबर को आयोजित होने वाले प्रसिद्ध खाटूश्यामजी जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेल प्रशासन द्वारा कोटा–रशीदपुरा खोरी (रींगस/सीकर) वाया जयपुर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इस ट्रेन की आरक्षित श्रेणियों में सीटें उपलब्ध हैं। खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु इस रेलसेवा का लाभ उठा सकते हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09803 कोटा–रशीदपुरा खोरी (रींगस/सीकर) स्पेशल 19 नवंबर को कोटा से रात्रि 21:55 बजे प्रस्थान कर अगले दिन प्रातः 05:40 बजे रशीदपुरा खोरी (रींगस/सीकर) पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 09804 रशीदपुरा खोरी (रींगस/सीकर)–कोटा स्पेशल 20 नवंबर को प्रातः 07:15 बजे प्रस्थान कर उसी दिन सायं 16:30 बजे कोटा पहुंचेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में लाखेरी, इंद्रगढ़ सुमेरगंज मंडी, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर, ढेहर का बालाजी, रींगस जंक्शन एवं सीकर जंक्शन स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान एवं सामान्य श्रेणी सहित कुल 16 कोच रहेंगे।
खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु रींगस जंक्शन पर उतरकर लगभग 17 किलोमीटर की सड़क यात्रा से मंदिर पहुंच सकते हैं।
यात्री आईआरसीटीसी के माध्यम से सीटों की उपलब्धता देखकर अग्रिम आरक्षण करा सकते हैं। ट्रेन की अद्यतन जानकारी एनटीईएस अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 से प्राप्त की जा सकती है।







