Monday, November 16, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

बिरसा मुंडा जयंती समारोह में सामाजिक न्याय और आदिवासी अधिकारों का बुलंद हुआ स्वर

बिरसा मुंडा जयंती समारोह में सामाजिक न्याय और आदिवासी अधिकारों का बुलंद हुआ स्वर

महावीर सेन _जयस्थल✍️

जयपुर। जयपुर के महेश नगर स्थित 80 फीट रोड के अंबेडकर पार्क में 15 नवंबर को धरती आबा एवं महान आदिवासी जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान, आदिवासी अस्मिता तथा जल-जंगल-जमीन के अधिकारों के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का आयोजन संयोजक पूर्ण सिंह मोरिये एवं सह-संयोजक आर.एस. देव के संयोजन में किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेन्द्र सेन, सदस्य राजस्थान राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग एवं पूर्व नेशनल कोऑर्डिनेटर ऑल इंडिया कांग्रेस ओबीसी विभाग, श्री रामेश्वर पुरसार्थी जी तथा सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री मलिक जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, विचारों और आदिवासी समाज के अधिकारों से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

राजेन्द्र सेन ने सामाजिक न्याय और समान भागीदारी पर दिया जोर

विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र सेन ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान, अधिकार और सामाजिक चेतना के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत, शोषण और अन्यायपूर्ण व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष कर आदिवासी समाज में नई चेतना का संचार किया।

सेन ने कहा कि 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में जन्मे बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन पर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित एवं जागरूक किया। जल, जंगल और जमीन केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति, परंपरा और जीवन का आधार हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी अन्याय, शोषण और भेदभाव के विरुद्ध लड़ने की प्रेरणा देता है। सामाजिक न्याय तभी सार्थक होगा, जब आदिवासी, पिछड़े, वंचित और शोषित वर्गों को सम्मान, अधिकार तथा निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी मिलेगी।

राजेन्द्र सेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को आत्मसात करते हुए हमें एक समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए संकल्पित होना चाहिए। यही धरती आबा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

समारोह में उपस्थित अन्य अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, उनके संघर्ष और सामाजिक योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए तथा आदिवासी समाज की संस्कृति, स्वाभिमान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि जल, जंगल, जमीन पर अधिकार, सामाजिक सम्मान और समान भागीदारी ही जनजातीय गौरव एवं सामाजिक न्याय की वास्तविक पहचान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles