धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश देगा गुर्जर गौड़ समाज महावीर नगर इकाई का अन्नकूट महोत्सव 13 दिसंबर को
गणेश जी महाराज को प्रथम निमंत्रण अर्पित कर हुआ आयोजन का शुभारंभ, पोस्टर एवं आमंत्रण पत्र का किया गया भव्य विमोचन
कोटा। धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रतीक गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज, महावीर नगर इकाई के आगामी अन्नकूट महोत्सव को लेकर तैयारियों का आगाज हो गया है। 13 दिसंबर को आयोजित होने वाले इस भव्य महोत्सव का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर महोत्सव के पोस्टर एवं आमंत्रण पत्र का भव्य विमोचन किया गया।
अध्यक्ष गिरीश गौतम ने बताया कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश जी महाराज के चरणों में प्रथम निमंत्रण अर्पित कर की गई। समाज की धार्मिक मान्यता के अनुरूप प्रथम निमंत्रण भगवान गणेश को समर्पित करते हुए महोत्सव के निर्विघ्न एवं सफल आयोजन की प्रार्थना की गई। उपस्थित समाजबंधुओं ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
महामंत्री संदीप गौतम ने कहा कि अन्नकूट महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की संस्कृति, संस्कार, परंपरा और एकजुटता को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। हमारा प्रयास है कि इस आयोजन में समाज का प्रत्येक परिवार सहभागी बने और नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े।
कोषाध्यक्ष जितेंद्र गौतम ने सभी समाजबंधुओं से आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
पोस्टर एवं आमंत्रण पत्र विमोचन के साथ ही समाज में उत्साह और उमंग का वातावरण बन गया। सभी सदस्यों ने सामूहिक सहयोग, समर्पण एवं सहभागिता के साथ 13 दिसंबर के अन्नकूट महोत्सव को यादगार बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी संरक्षक एवं कार्यकारिणी पदाधिकारी वीरेंद्र गौतम, देवकीनंदन गौतम,राजेंद्र शर्मा अनिल गौतम , राकेश गौतम ,लोकेश गौतम, योगेंद्र शर्मा ,योगेंद्र गौतम समाज बंधु उपस्थित रहे






