दीपावली पर ब्रह्माकुमारी केंद्र में आध्यात्मिक दीपोत्सव, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कोटा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, शक्ति सरोवर कमला उद्यान, कुन्हाड़ी में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कोटा संभाग प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने कोटा संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे भाई-बहनों का आत्मिक स्वागत किया तथा दीप प्रज्ज्वलित कर सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक एवं रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियां देकर उपस्थित भाई-बहनों को आनंदित कर दिया। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया।
इस अवसर पर उर्मिला दीदी ने दीपावली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली पर घरों में बाहरी दीपक जलाने के साथ-साथ हमें अपने भीतर आत्मा का दीप भी प्रज्ज्वलित करना चाहिए। जिस प्रकार दीपक में घृत डालने से उसकी ज्योति निरंतर प्रकाशित रहती है, उसी प्रकार आत्मा रूपी दीपक में ज्ञान का घृत डालकर अपने जीवन को ज्ञान, पवित्रता और श्रेष्ठ संस्कारों से प्रकाशित करना चाहिए। सच्ची दीपावली तभी है, जब हमारे मन से अज्ञानता का अंधकार मिटे और जीवन में सुख, शांति एवं प्रेम का प्रकाश फैले।
कार्यक्रम के दौरान भाई-बहनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सेवा केंद्र पर निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. प्रीति माहेश्वरी ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने उपस्थित लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श दिया तथा आवश्यकतानुसार दवाइयां भी वितरित कीं।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने सभी भाई-बहनों को ईश्वरीय प्रसाद वितरित किया। आध्यात्मिक संदेश, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं स्वास्थ्य सेवा के संगम से दीपावली का यह आयोजन सभी के लिए आनंददायक एवं यादगार रहा।






