कुंभकारों की मेहनत रंग लाई, मिट्टी के दीपक घर-घर पहुंचाने के अभियान को ओम बिरला ने सराहा
मयूर टाइम्स न्यूज
कोटा। दीपावली पर कुंभकारों के घर खुशियां पहुंचाने और मिट्टी के दीपकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान को गति मिल रही है। समाजसेवी डॉ. दुर्गा शंकर सैनी ने माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निवास पर पहुंचकर मिट्टी के भगवा सफेद, हरे दीपकों से सजी थाली और मोम से भरे दीपकों का विधिवत उद्घाटन करवाया।
इस अवसर पर ओम बिरला ने डॉ. सैनी को अभियान की प्रशंसा की गई उन्होंने मिट्टी के दीपकों के उपयोग को प्रोत्साहित करने की पहल की सराहना की। डॉ. दुर्गा शंकर सैनी पिछले 12 वर्षों से मिट्टी के दीपक बनाने और उन्हें जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के अभियान में जुटे हैं। उनका उद्देश्य है कि दीपावली पर अधिक से अधिक घरों में मिट्टी के दीपक जलें और कुंभकार परिवारों को भी रोजगार व खुशियां मिलें।
इस दौरान डॉ. सैनी ने ओम बिरला को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रभुलाल सैनी, डॉ. गिरिराज राठौड़, डॉ. संजय गर्ग, नरेंद्र नागर,मुकेश मालव, और गौरव तंवर ,सौरव तंवर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






