कोटाकोटा की बेटी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। देश की स्टार बॉक्सर और कोटा महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी अरुंधति चौधरी ने फिनलैंड में आयोजित प्रतिष्ठित तम्मेर कप बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अरुंधति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में फिनलैंड की विलमा कूसीक्को, सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की बीलोओलुना और फाइनल में आयरलैंड की एवलिन ईघरो को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। अरुंधति के बेसिक कोच अशोक गौतम के मुताबिक, प्रतियोगिता में ओलंपिक भार वर्ग के शीर्ष आठ खिलाड़ियों ने अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व किया। भारत की ओर से सात महिला और सात पुरुष बॉक्सरों ने हिस्सा लिया था। अरुंधति की इस शानदार उपलब्धि पर उनके पिता और कोटा बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष सुरेश चौधरी, माता सुनीता चौधरी सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। कोटा की इस होनहार बेटी की अंतरराष्ट्रीय जीत से पूरे शहर में खुशी का माहौल है।





