कोटा के एमबीएस अस्पताल में मौसमी बीमारियों का प्रकोप, मरीजों की लंबी कतारें
कोटा। मौसम में बदलाव के साथ मौसमी बीमारियों का असर बढ़ता नजर आ रहा है। कोटा के महाराव भीमसिंह अस्पताल (एमबीएस) में इन दिनों मरीजों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज बुखार, खांसी, जुकाम सहित अन्य मौसमी बीमारी के लक्षणों के साथ उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, टाइफाइड के मरीजों की संख्या बढ़ने की भी जानकारी सामने आ रही है, जिसके चलते अस्पताल की ओपीडी और जांच केंद्रों पर भी मरीजों की भीड़ नजर आ रही है।
मरीजों और उनके परिजनों को डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए काफी देर तक कतार में इंतजार करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में सुबह से ही मरीजों की भीड़ दिखाई दे रही है।
मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को साफ-सफाई, स्वच्छ पानी और खान-पान को लेकर सावधानी बरतने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी जा रही है।





