Saturday, October 3, 2026
file_000000001f3c81f8af4bf00ddfabb1bf
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा: हॉस्पिटल के बाहर महिला को बातों में उलझाकर ठगी का आरोप, नशीला पदार्थ सुंघाने का दावा

हॉस्पिटल के बाहर महिला को बातों में उलझाकर ठगी का आरोप, नशीला पदार्थ सुंघाने का दावा

कोटा। न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के बाहर एक महिला को बातों में उलझाकर सोने के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि दो युवकों ने पहले मदद के बहाने उससे बातचीत की और इसके बाद नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंचा दिया। महिला के मुताबिक, आरोपी उसके गले से मंगलसूत्र और कानों की बालियां लेकर कागज की गड्डी थमाकर मौके से फरार हो गए।

पीड़िता आवली रोजड़ी निवासी धनकंवर ने बताया कि उनकी चार साल की पोती पिछले चार दिनों से न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने पांच साल के पोते के साथ खाना खाने के लिए अस्पताल के बाहर आई थीं। इसी दौरान एक युवक ने उनसे बातचीत शुरू की। युवक ने कथित तौर पर कहा कि उसे भोपाल जाना है, लेकिन उसके पास किराए के पैसे नहीं हैं।

महिला के अनुसार, बातचीत के दौरान एक और युवक वहां पहुंच गया और दोनों उससे बात करने लगे। इसी बीच एक युवक ने कथित तौर पर कोई नशीला पदार्थ सुंघाया, जिसके बाद उन्हें चक्कर आने लगे और वह अर्ध-बेहोशी जैसी स्थिति में चली गईं।

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद युवक जैसा कहता गया, वह वैसा ही करती गईं। इसी दौरान आरोपी ने उनके गले से मंगलसूत्र और कानों की बालियां उतार लीं। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर एक लाख रुपये बताकर उनके हाथ में कागज की गड्डी थमा दी।

धनकंवर के मुताबिक, आरोपी उन्हें सड़क किनारे एक तरफ ले गया और कुछ देर बाद वापस आने की बात कहकर उन्हें अस्पताल के गेट के पास छोड़कर फरार हो गया। करीब दोपहर 12 बजे उनकी बेटी उन्हें तलाशते हुए अस्पताल के बाहर पहुंची। इसके बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई और ठगी का पता चला।

पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने महावीर नगर थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी। शुक्रवार को भी वह महावीर नगर थाने में शिकायत देने पहुंचीं। उनका कहना है कि अस्पताल के गेट के बाहर स्थित दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कथित आरोपी युवक दिखाई दे रहा है।

पुलिस अब शिकायत और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles