जयपुर। बजाज नगर थाना क्षेत्र में टोंक रोड स्थित राडो के ‘द वॉच फैक्ट्री’ शोरूम में गुरुवार तड़के हुई करोड़ों रुपये की चोरी के बाद जयपुर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बदमाश शोरूम से करीब 251 लग्जरी घड़ियां चोरी कर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और संभावित रूट के आधार पर आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें रवाना की हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने लोहे की रॉड की मदद से शोरूम का शटर तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। सीसीटीवी फुटेज में कुछ बदमाश शोरूम के अंदर घड़ियां बैगों में भरते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि अन्य बाहर निगरानी करते नजर आए। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और संभावित वाहन का पता लगाया जा सके।
बताया गया है कि बदमाशों ने शोरूम में लगे सीसीटीवी के डीवीआर को तलाशने की कोशिश भी की। हालांकि, वे म्यूजिक सिस्टम को डीवीआर समझकर बाहर ले जाने लगे और बाद में उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। पूरी वारदात करीब 36 मिनट तक चली।
थाना प्रभारी बदले
चोरी की वारदात के अगले दिन जयपुर पुलिस कमिश्नर ने बजाज नगर थाना प्रभारी रामधन डोभाल को पद से हटाकर उनके स्थान पर मुनिन्द्र सिंह को लगाया। डोभाल को महिला अनुसंधान केंद्र में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, संभावित रूट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मामले में शोरूम संचालक और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।




