Friday, October 2, 2026
file_000000001f3c81f8af4bf00ddfabb1bf
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

सैकड़ों मानवीय जान की कीमत खुद की जान से बड़ी थी मानवीयता के लिए सलाम कैप्टन स्मित मछार को

खौफ के 17 मिनट, 174 जिंदगियां और एक भारतीय कैप्टन स्मित मछार की अदम्य बहादुरी!

✍️डॉ नयन प्रकाश गांधी ,प्रतिष्ठित पब्लिक पॉलिसी एक्सपर्ट ,युवा एक्टिविस्ट 

वास्तव में कुछ कहानियां खबर बनकर आती हैं और चली जाती हैं। कुछ कहानियां इतिहास बन जाती हैं,और इतिहास को हमेशा के लिए नवजीवन देती है ।हाल ही में दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 की कहानी इतिहास है, क्योंकि उस दिन 33,000 फीट की ऊंचाई पर 17 मिनट तक मौत ने तांडव किया और एक भारतीय ने उसे हरा दिया,जो आज पूरे भारत के लिए नहीं विश्व के लिए गौरव का विषय है ।

➡️शुरुआत: एक सामान्य उड़ान, एक असामान्य साजिश :

दिन सामान्य था। फ्लाई दुबई की फ्लाइट FZ1073 ने दुबई से उड़ान भरी थी, गंतव्य तेल अवीव। कॉकपिट में दो पायलट – कैप्टन स्मित मछार, एक भारतीय, और उनके सह-पायलट। केबिन में 174 से अधिक यात्री, सभी अपनी मंजिल, अपने परिवार, अपने काम के बारे में सोच रहे थे। किसी ने नहीं सोचा था कि अगले कुछ मिनटों में यही विमान मौत का अखाड़ा बन जाएगा।अचानक, बिना किसी चेतावनी के, सह-पायलट ने अपने ही कैप्टन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। यह कोई आपसी झगड़ा नहीं था, यह एक सोची-समझी आतंकी साजिश थी – विमान को 14,000 फीट नीचे गिराकर क्रैश करने की साजिश, एक तरह से दूसरा 9/11 रचने की साजिश।

एक पल में सामान्य उड़ान युद्धक्षेत्र में बदल गई। विमान तेजी से नीचे गिरने लगा, कॉकपिट में संघर्ष शुरू हो गया, यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। वह 17 मिनट, मानव इतिहास के सबसे भयानक 17 मिनटों में से एक थे।

उस क्षण, किसी भी सामान्य व्यक्ति के मन में एक ही विचार आता – अपनी जान बचाओ। लेकिन कैप्टन स्मित मछार ने कुछ और सोचा।

जज्बा: घायल शरीर, अडिग मन

हम जज्बे की बात करते हैं, पर जज्बा क्या होता है, यह उस दिन कॉकपिट ने देखा। गंभीर रूप से घायल, शरीर से खून बह रहा है, ताकत खत्म हो रही है। ऐसी अवस्था में इंसान होश खो देता है, हिम्मत हार जाता है।लेकिन कैप्टन स्मित मछार ने होश नहीं खोया, उन्होंने हौसला नहीं खोया।

यही जज्बा है। जज्बा वह नहीं जो आराम में दिखता है, जज्बा वह है जो संकट में दिखता है, जब मौत सामने खड़ी हो। कैप्टन मछार के सामने उस समय केवल दो विकल्प थे – एक, अपनी जान बचाने का प्रयास करना, कॉकपिट के कोने में गिर जाना और हमलावर को सब कुछ करने देना। दूसरा, आखिरी सांस तक 174 लोगों के लिए लड़ना।उन्होंने दूसरा रास्ता चुना। घायल होने के बावजूद उन्होंने विमान के कंट्रोल को पूरी तरह से हमलावर के हाथ में नहीं जाने दिया। उन्होंने संघर्ष किया, उन्होंने प्रतिरोध किया। यह शारीरिक शक्ति का संघर्ष नहीं था, यह मानसिक शक्ति का संघर्ष था। यह उस भारतीय संस्कार का संघर्ष था जो कहता है – कर्तव्य, जीवन से बड़ा है।उन 17 मिनटों में हर सेकंड एक घंटे जैसा था। हर सेकंड मौत करीब आ रही थी, पर कैप्टन का जज्बा मौत से भी बड़ा था।

जुनून: 174 जिंदगियों का भार

एक पायलट के कंधे पर क्या होता है? केवल विमान का स्टीयरिंग नहीं होता, बल्कि 174 परिवारों का भविष्य होता है। उस दिन कैप्टन स्मित मछार के कंधे पर 174 परिवारों की उम्मीदें थीं – किसी की बूढ़ी मां घर पर इंतजार कर रही थी, किसी का छोटा बच्चा पिता के आने की राह देख रहा था, किसी का भाई, किसी की बहन।

जुनून वह है जो आपको अपनी पीड़ा भूलने पर मजबूर कर देता है। कैप्टन मछार का जुनून था – हर हाल में इन लोगों को बचाना है। अगर वह चाहते तो कॉकपिट का दरवाजा अंदर से बंद करके खुद को सुरक्षित कर सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।उन्होंने इसके विपरीत किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता प्राप्त की। यह एक छोटी सी तकनीकी बात लगती है, पर यही वह निर्णायक क्षण था जिसने सब कुछ बदल दिया। दरवाजा खुलने से क्रू और यात्री अंदर आ सके, हमलावर को काबू में कर सके और विमान को संभाल सके।सोचिए, खून से लथपथ एक व्यक्ति, जिसे चाकू लगा है, वह दरवाजा खोलने की ताकत कहां से लाता है? वह ताकत शरीर से नहीं आती, वह ताकत जुनून से आती है। वह जुनून था 174 लोगों को उनके घर तक पहुंचाने का। अगर वह दरवाजा नहीं खुलता, तो आज कहानी कुछ और होती, आज 174 घरों में मातम होता।

अनुशासन: चीख-पुकार में भी शांत दिमाग

सबसे बड़ी बात है अनुशासन। हम सोचते हैं अनुशासन का अर्थ है यूनिफॉर्म पहनना, समय पर आना, सैल्यूट करना। नहीं, असली अनुशासन संकट में दिखता है।विमान चौदह हज़ार

फीट गिर रहा है, कॉकपिट में हमला हुआ है, खून है, बाहर यात्रियों की चीख-पुकार है। ऐसी स्थिति में बड़े से बड़ा व्यक्ति भी अपना मानसिक संतुलन खो देता है। दिमाग काम करना बंद कर देता है, हाथ कांपने लगते हैं, गलत फैसले होते हैं,पर कैप्टन स्मित मछार का दिमाग बंद नहीं हुआ, उसने अनुशासन नहीं खोया।अनुशासन का अर्थ है – प्रशिक्षण पर विश्वास। एक पायलट को वर्षों तक सिखाया जाता है कि आपातकाल में क्या करना है, हर स्थिति का सिम्युलेटर में अभ्यास कराया जाता है। कैप्टन मछार ने उस प्रशिक्षण को याद रखा। उन्होंने घबराहट में कोई गलत बटन नहीं दबाया, उन्होंने विमान को और खतरनाक स्थिति में नहीं डाला। उन्होंने एक-एक कदम सोचकर, अनुशासन के साथ उठाया – पहले हमलावर का प्रतिरोध, फिर दरवाजा खोलना, फिर क्रू को मदद के लिए बुलाना, फिर सऊदी अरब के तबूक में आपात लैंडिंग का निर्णय।तबूक एयरपोर्ट पर जब विमान के पहिए जमीन को छुए, तो यह केवल एक लैंडिंग नहीं थी, यह अनुशासन की जीत थी। यह उस वर्षों की तपस्या, उस रोज की प्रैक्टिस, उस सिम्युलेटर ट्रेनिंग की जीत थी जो एक पायलट अनुशासन के साथ करता है।

एक भारतीय का अर्थ

कैप्टन स्मित मछार ने उस दिन केवल विमान नहीं बचाया, उन्होंने यह बताया कि भारतीय होने का अर्थ क्या है। भारतीय होने का अर्थ केवल भारत में जन्म लेना नहीं है। भारतीय होने का अर्थ है – संकट के समय साहस के साथ खड़ा होना, कर्तव्य को अपने जीवन से भी बड़ा मानना और निर्दोषों के प्राण बचाने के लिए आखिरी सांस तक लड़ना।हम अक्सर पूछते हैं कि देशभक्ति क्या है? देशभक्ति केवल बॉर्डर पर गोली चलाना नहीं है। देशभक्ति वह भी है जो कैप्टन मछार ने की – अपने कर्तव्य स्थल पर, अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए, अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जान बचाना। यह भी देशभक्ति है, यह भी राष्ट्रवाद है।आज दुनिया भर से उनके साहस की सराहना हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके साहस की प्रशंसा की है। विश्व के कई राष्ट्रअध्यक्ष ने उसके जुनून जज्बे की प्रशंसा की, असली सम्मान तब होगा जब हम इस जज्बे, इस जुनून, इस अनुशासन को अपने जीवन में उतारेंगे।

आज हर युवा पायलट, हर छात्र, हर कर्मचारी, हर भारतीय को कैप्टन स्मित मछार से सीखना चाहिए – कि जज्बा क्या होता है, जुनून क्या होता है, अनुशासन क्या होता है। जब तक हमारे देश में ऐसे लोग हैं, तब तक कोई भी साजिश, कोई भी आतंक, कोई भी खतरा हमें हरा नहीं सकता।

उन 17 मिनटों ने हमें सिखाया कि खौफ कितना भी भयानक हो, एक भारतीय का हौसला उससे बड़ा होता है। 174 जिंदगियां आज अपने घरों में हैं, क्योंकि कॉकपिट में एक भारतीय था।

कैप्टन स्मित मछार – आपको कोटि-कोटि प्रणाम। आपने सिद्ध किया कि आसमान की ऊंचाई 33,000 फीट हो सकती है, पर एक भारतीय के हौसले की ऊंचाई उससे भी अधिक है। देश के प्रतिष्ठित पब्लिक पॉलिसी एक्सपर्ट, यूथ एक्टिविस्ट एवं करियर कोच डॉ नयन प्रकाश गांधी ने आकस्मिक आतंकी प्लेन हाईजैक, ट्रेन हाईजैक एवं अन्य आपातकालीन घटनाओं पर काबू पाने हेतु महत्वपूर्ण देश के यशस्वी प्रधानमंत्री से कुछ अपील की है ।डॉ गांधी ने कहा कि इस घटना को सबक के रूप में लेते हुए भारत सरकार को स्किल इंडिया मिशन के तहत एक विशेष आपातकालीन सुरक्षा प्रशिक्षण मॉड्यूल शुरू करना चाहिए। इस मॉड्यूल के तहत युवाओं और आम नागरिकों को फ्लाइट, हाई स्पीड बुलेट ट्रेन, वंदे भारत ट्रेन एवं अन्य हाईटेक सार्वजनिक स्थलों पर सतर्कता, आतंकी घटनाओं, आगजनी और अन्य डिजास्टर के समय स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।साथ ही डॉ गांधी ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री से निवेदन किया है कि मानवीयता और अदम्य साहस की मिसाल बने कैप्टन स्मित मछार को उनके इस वीरतापूर्ण कार्य के लिए पद्म श्री जैसे राष्ट्रीय सम्मान अथवा प्रेसिडेंशियल / प्रधानमंत्री उच्च विशिष्ट सम्मान से सम्मानित किया जाए और उनकी योग्यता के अनुरूप भारत में परमानेंट सरकारी सेवा का अवसर प्रदान कर देश के युवाओं के समक्ष एक जीवंत प्रेरणा प्रस्तुत की जाए।

✍️डॉ. नयन प्रकाश गांधी ,प्रतिष्ठित पब्लिक पॉलिसी एक्सपर्ट ,युवा एक्टिविस्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles