वृद्धजनों का सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी : उर्मिला दीदी
कोटा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के नयापुरा सेवा केंद्र में गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर वरिष्ठजनों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवा केंद्र से जुड़े वृद्धजनों का तिलक लगाकर एवं सम्मान कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में नयापुरा सेवा केंद्र की प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी लक्ष्मी दीदी ने सभी वरिष्ठजनों का तिलक लगाकर स्वागत किया। वहीं कोटा संभाग प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने वरिष्ठजनों को पट्टा पहनाकर सम्मानित किया तथा सभी को सौगात भेंट की।
इस अवसर पर उर्मिला दीदी ने कहा कि वृद्धजन हमारे परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव हमारे लिए मार्गदर्शन का स्रोत हैं। हमें सदैव उनका सम्मान करना चाहिए, उनके अनुभवों से सीख लेनी चाहिए और उनके सुख-दुख का ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को खुश रखना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना ही वृद्ध दिवस मनाने का वास्तविक उद्देश्य है। उनके आशीर्वाद से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मबल मिलता है, इसलिए हमें सदैव उनसे आशीर्वाद लेना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को सद्गुरुवार का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, स्नेह और सेवा भाव रखने का संकल्प लिया।





