भवानीमंडी ब्लॉक के विद्यालयों का निरीक्षण, एक स्कूल में व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
भारत सिंह चौहान✍️
भवानीमंडी। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक नरेंद्र कुमार गहलोत एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी बालचंद कारपेंटर ने भवानीमंडी ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुराडिया जोगा एवं पीएम श्री राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भीमनी का निरीक्षण किया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुराडिया जोगा में प्रार्थना सभा के दौरान 301 विद्यार्थियों में से केवल 160 विद्यार्थी उपस्थित मिले। वहीं 21 कार्मिकों में से 16 उपस्थित पाए गए। पंचायत शिक्षक राजेंद्र कुमार कहार विलंब से विद्यालय पहुंचे, जिस पर उनसे सकारण स्पष्टीकरण लेने तथा समय पर उपस्थित होने की हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों का गृह कार्य विषयाध्यापकों द्वारा जांचा हुआ पाया गया, लेकिन विद्यार्थियों की त्रुटियों पर आवश्यक अंकन नहीं किया गया था। विद्यालय के शौचालय, मूत्रालय एवं परिसर में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। संस्था प्रधान रामप्रकाश रेगर को तीन दिवस में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कक्षा 1 से 8 तक विद्यार्थियों का अंग्रेजी एवं गणित विषय में शैक्षणिक स्तर कमजोर पाया गया। निरीक्षण दल ने संस्था प्रधान को विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अंग्रेजी के शब्दों की स्पेलिंग पूछे जाने पर कोई भी विद्यार्थी स्पेलिंग नहीं बता सका।
इसके बाद पीएम श्री राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भीमनी का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विद्यालय की भौतिक सुविधाओं, खेल मैदान, परिसर, कक्षा-कक्ष एवं विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से संवाद किया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर तय मीनू के अनुसार तैयार मध्यान्ह भोजन भी किया। एबीएल कक्ष, बाल वाटिका कक्ष एवं संविधान कक्ष का निरीक्षण किया गया। विद्यालय रिकॉर्ड और पीएम श्री गतिविधियों का भी अवलोकन किया गया। नो बैग डे के तहत आयोजित गतिविधियों की अधिकारियों ने सराहना की।
विद्यालय में व्यवस्थाएं सही एवं सुचारू पाई गईं। खेल मैदान, पोषण वाटिका, चिल्ड्रन पार्क एवं हरित वातावरण की भी सराहना की गई। प्रधानाध्यापक शंकर लाल मीणा ने बताया कि विद्यालय में पीएम श्री की गतिविधियां निर्धारित समयानुसार संचालित की जाती हैं।
निरीक्षण के दौरान कक्षा 2 के छात्र दिव्यराज ने हिंदी की पाठ्यपुस्तक का सफलतापूर्वक वाचन किया। विद्यालय में दो संविधान कक्ष बनाए गए हैं, जहां विद्यार्थियों को संविधान संबंधी जानकारी दी जाती है। विद्यालय के फ्रंट भाग को रेल के डिब्बों का आकार दिया गया है, जो आकर्षण का केंद्र है। विद्यार्थियों को मूर्ति कला सीखने के लिए 3D प्रिंटर भी उपलब्ध कराया गया है।
अंत में अधिकारियों ने दोनों विद्यालयों के संस्था प्रधानों को शाला दर्पण के सभी मॉड्यूल नियमित रूप से अपडेट रखने सहित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।






