कोटा, 27 सितंबर /कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा नयापुरा से कुन्हाड़ी जाने वाले चंबल नदी पर बने पुलिया की मजबूती व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नॉन डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग (NDT) करवाई गई।

उक्त पुलिया पूर्व में नेशनल हाईवे के अंतर्गत थी व वर्तमान में बहुत पुरानी होने से काफी क्षतिग्रस्त हो गई है और वर्तमान में प्राधिकरण के क्षेत्राधिकार में है। अतः पुलिया के सुदृढ़ीकरण से पहले इसका परीक्षण करवाया जाना आवश्यक था।
निदेशक अभियांत्रिकी रवीन्द्र प्रकाश माथुर के दिशा-निर्देशन में अधिशासी अभियंता श्री महेन्द्र सक्सेना की देखरेख में उक्त कार्य करवाया गया।
इस कार्य के अंतर्गत विभिन्न परीक्षण किए गए। इस परीक्षण में मुख्य रूप से रिबाउंड हैमर परीक्षण, अल्ट्रासोनिक पल्स वेग परीक्षण और हाफ सेल पोटेंशियल परीक्षण किए गए। इन परीक्षणों से पुलिया के कंक्रीट की गुणवत्ता, आंतरिक स्थिति और सरिये में जंग की संभावना का आकलन किया जाएगा।निदेशक अभियांत्रिकी रवीन्द्र प्रकाश माथुर ने बताया कि आगामी 20 दिनों में इसकी रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात इसका सुदृढ़ीकरण किया जायेगा।






