रघुराज सिंह कर्मयोगी को उत्तर प्रदेश स्थित बदायूं जिले के बिसौली में सम्मानित किया जाएगा
कोटा/ उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के बिसौली कस्बे में के. बी. हिंदी सेवा न्यास संस्था के अध्यक्ष डॉ सतीश चंद्र शर्मा द्वारा घोषित किए गए परिणामों के अनुसार कोटा के प्रसिद्ध कथाकार,बाल साहित्यकार,नाटककार एवं उपन्यासकार सेवानिवृत्त राजपत्रित इंजीनियर रघुराज सिंह कर्मयोगी एक भव्य एवं राष्ट्रीय साहित्यिक कार्यक्रम में श्री पदमचंद सिंघल स्मृति साहित्य “विभूषण श्री” सम्मान से अलंकृत किए जाएंगे। यह पुरस्कार उन्हें कारगिल संघर्ष में शहीद हुए सैनिकों एवं गैलंट्री अवार्ड प्राप्त सेनानायकों की प्रेरक जीवनियों पर लिखित पुस्तक “थाम लो तिरंगा” पर दिया जाएगा। बदायूं वह क्षेत्र है,जहां महाकवि तुलसीदास ने छह माह रुक कर रामचरितमानस के चार अध्याय पूरे किए थे। रेलवे इंजी रघुराज सिंह कर्मयोगी ने अब तक 21 पुस्तकें लिखी हैं। जिसमें पांच पुस्तकें रेलवे इंजीनियरिंग पर हैं।रेलवे इंजीनियरिंग की पुस्तकों को पढ़कर रेल कर्मचारी लिखित परीक्षाएं एवं साक्षात्कारों में भाग लेते हैं और ज्ञान संवर्धन करते हैं। अन्य पुस्तकें नाटक,बाल कहानियां, लघु कथाएं, शौर्य गाथाएं,कविताएं, संस्मरण, यात्रा वृतांत, परिजनों को लिखे गए पत्र आदि की पुस्तक हैं।
उल्लेखनीय है कि “थाम लो तिरंगा” पुस्तक के कथानक में शामिल किए गए कंटेंट के अनुसार अनुसार कारगिल में भारत-पाक युद्ध 6 मई 1999 को प्रारंभ हुआ था। कुछ ही दिनों में 26 जुलाई 1999 को भारत के बहादुर सैनिकों ने पाकिस्तान पर विजय प्राप्त की। इस युद्ध में भारत के रक्षा विभाग ने राजस्थान राइफल्स को तैनात किया था। पाकिस्तानी सैनिक सादा वेश में कारगिल की द्रास, तुर्तुक, तोलोलिंग की ऊंची चोटियों पर बैठे हुए थे। जो हमारे सैनिकों पर ऊपर से प्रहार कर रहे थे। हमारी थल सेना के जांबाजों ने वायुसेना की मदद से ऑपरेशन विजय के अंतर्गत उन्हें पराजित कर दिया। शत्रु को मुंह की खानी पड़ी। इस युद्ध में चूरू, झुंझुनू और सीकर के सैनिक अधिक शहीद हुए। श्री कर्मयोगी ने इन योद्धाओं के घर-घर जा कर शहीदों की प्रेरक जीवनियों से संबंधित विवरण ले कर “थाम लो तिरंगा” नाम से पुस्तक का सृजन किया। इस पुस्तक को कोटा की महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में 15 अगस्त 2014 के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भूतपूर्व कृषि मंत्री प्रभु लाल सैनी जी द्वारा रजत पदक से लेखक को सम्मानित किया जा चुका है।
इस पुस्तक को प्रज्ञा हिंदी साहित्य सेवार्थ ट्रस्ट फिरोजाबाद में 11 फरवरी 2024 को शाल, श्रीफल अभिनंदन पत्र, सुहाग नगरी की चूड़ियां एवं नगद राशि शिवचरण लाल हरचरण लाल मित्तल की स्मृति में रतनलाल बंसल आलेख श्री 2023 पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस पुस्तक में उन योद्धाओं की जीवनियों को भी शामिल किया गया है। जिन्होंने असाधारण वीरता का प्रदर्शन करते हुए गैलंट्री अवॉर्ड प्राप्त किये थे। इससे हमारी भावी पीढ़ियां प्रेरित होकर देश की रक्षा के लिए आगे आएंगी। केबी. साहित्य सेवा न्यास द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम नवंबर में होना प्रस्तावित है। इस अवसर पर शॉल, श्रीफल,अभिनंदन फ्रेम एवं नकद मान धन से लेखक को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कोटा के डॉ. गोपाल कृष्ण भट्ट सहित देश से पधारे कुल 15 रचनाकारों को अलंकृत करने के लिए आमंत्रित किया गया है।






