40 मामलों में ₹28,615 का जुर्माना, यात्रियों को जन विश्वास अधिनियम में हुए संशोधनों की भी दी जानकारी
कोटा। यात्रियों में वैध एवं उचित टिकट के साथ यात्रा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कोटा मंडल द्वारा भवानी मंडी रेलवे स्टेशन तथा कोटा–भवानी मंडी रेलखंड में चलने वाली ट्रेनों में औचक टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट एवं बिना बुक कराए सामान के मामलों की जांच की गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा के 31 मामलों में ₹23,095, अनियमित टिकट के 7 मामलों में ₹5,120 तथा बिना बुक कराए सामान के 2 मामलों में ₹400 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 40 मामलों में ₹28,615 का जुर्माना लगाया गया।
अभियान टीम प्रभारी श्री सुशील वर्मा के नेतृत्व में टिकट जांच स्टाफ राकेश शर्मा, जलधारी मीणा, समयराज मीणा, हेमराज मीणा, अमित सिंह पाल एवं रामेश्वर मेहरा ने टिकट जांच की।
टिकट जांच के साथ यात्रियों को जन विश्वास अधिनियम में किए गए संशोधनों के संबंध में भी जानकारी देकर रेलवे नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध एवं उचित टिकट लेकर ही सफर करें।





