कुश्ती प्रतियोगिता का हुआ समापन, विजेता हुए पुरस्कृत
भारत सिंह चौहान✍️
कोटा, 25 सितंबर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नया गांव में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय छात्र-छात्राओं की कुश्ती प्रतियोगिता का शुक्रवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं विद्यालय परिसर में चल रही 70वीं जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का समापन शनिवार को आयोजित समारोह में किया जाएगा।
कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, कोटा जिले के जिला प्रधान एवं शिक्षा सहकारी 696 के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल रहे। समारोह की अध्यक्षता प्रतियोगिता संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम मेघवाल ने की। शिक्षा सहकारी के डायरेक्टर दिनेश कुमार मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आयोजन सचिव जमनालाल गुर्जर ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रकाश जायसवाल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष की भावना का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में मिली सीख को अपने जीवन में अपनाने तथा निरंतर अभ्यास करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल भावना के साथ मैदान में उतरना और पूरी मेहनत करना ही खिलाड़ी की वास्तविक पहचान है।
अध्यक्षता कर रहे पुरुषोत्तम मेघवाल ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन से जुड़े सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
समापन अवसर पर विभिन्न भार वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने पदक प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पुरस्कार प्राप्त करते समय खिलाड़ियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
प्रतियोगिता के दौरान निष्पक्ष एवं बेहतर निर्णय देने वाले निर्णायक मंडल के सदस्यों जितेंद्र गोचर, अनीता चौहान, स्वीटी कलेर, मोना गोचर एवं रेखा राठौर को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने निर्णायकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं की सफलता में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ी, शारीरिक शिक्षक, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि नया गांव विद्यालय में आयोजित जूडो प्रतियोगिता का समापन शनिवार, 26 सितंबर को सुबह 9 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा। इसके लिए भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।






