ओटी में डॉ. सुरेश पाण्डेय को भेंट की ‘कोटा लैंड बैंक : विश्लेषण और अवसर’
भारत सिंह चौहान✍️
कोटा/ लेखक एवं विचारक परमानन्द गोयल ने अपनी नवीनतम पुस्तक ‘कोटा लैंड बैंक : विश्लेषण और अवसर’ प्रख्यात नेत्र सर्जन(सुवि नेत्र चिकित्सालय), लेखक एवं प्रेरक वक्ता डॉ. सुरेश पाण्डेय को भेंट की। पुस्तक भेंट करने का अवसर विशेष रहा, क्योंकि डॉ. पाण्डेय ने अपने व्यस्त ऑपरेशन कार्यक्रम के बीच ऑपरेशन थियेटर परिसर में ही लेखक को पुस्तक भेंट करने का अवसर दिया।
इस अवसर पर डॉ. सुरेश पाण्डेय ने कहा कि उन्होंने परमानन्द गोयल की पूर्व प्रकाशित पुस्तकों ‘कोटा टूरिज्म’ और ‘विचारों की उड़ान’ का अध्ययन किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी नवीनतम कृति भी पाठकों को नई जानकारी और दृष्टिकोण प्रदान करेगी।
परमानन्द गोयल ने बताया कि बदलती जीवनशैली और बढ़ते जीवन स्तर के साथ नागरिकों की आवास संबंधी अपेक्षाएँ भी बदल रही हैं। आज आवास केवल मूलभूत आवश्यकता नहीं, बल्कि सुरक्षित, व्यवस्थित और भविष्य की पीढ़ियों के लिए संपत्ति निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। इसी दृष्टिकोण को केंद्र में रखते हुए पुस्तक में कोटा की भूमि व्यवस्था, आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं, रिक्त भूखंडों, भूमि प्रबंधन और भविष्य की संभावनाओं को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है।
पुस्तक में नागरिकों और निवेशकों की जिज्ञासाओं को ध्यान में रखते हुए FAQs, आवश्यक जानकारियाँ और नीतिगत संकेत भी शामिल किए गए हैं। साथ ही कोटा विकास प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं तथा कोटा के ‘ट्राई-कॉरिडोर मॉडल’ को भी बोधगम्य तरीके से समझाया गया है।
लेखक के अनुसार यह पुस्तक शहरी नियोजन, भूमि प्रबंधन और संपत्ति संबंधी विषयों को समझने में आम नागरिकों से लेकर शहरी नियोजकों, रियल एस्टेट विशेषज्ञों और निवेशकों तक के लिए उपयोगी संदर्भ सामग्री बन सकती है।
उल्लेखनीय है कि विभिन्न सामाजिक, विकासात्मक एवं समसामयिक विषयों पर निरंतर लेखन कर रहे परमानन्द गोयल की यह 8वीं पुस्तक है।






