लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर खिले खुशियों के दीप
रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन की संवेदनशील पहल से वंचित बच्चों तक पहुंचा दीपोत्सव का उल्लास
कोटा 6 नवम्बर,नन्हे-मुन्ने चेहरों पर मुस्कान और हाथों में दीपावली की सौगात लिए बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दीपावली की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे, इसी भावना के साथ माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला की प्रेरणा एवं गरिमामय उपस्थिति में रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन, कोटा द्वारा बालाजी मार्केट, श्रीनाथपुरम के समीप स्थित कच्ची बस्तियों में रहने वाले वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों तथा उनके परिवारों के साथ दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बच्चों को मिठाई, मिट्टी के दीपक, फुलझड़ियां, पटाखे एवं दीपावली उपहार सामग्री भेंट की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और परिवारों में भी दीपोत्सव का उल्लास दिखाई दिया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का प्रकाश फैलाने का अवसर है। किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस पर्व की सबसे बड़ी सार्थकता है। उन्होंने कहा कि सेवा, संवेदना और सहयोग भारतीय संस्कृति के मूल मूल्य हैं तथा समाज के सक्षम वर्ग को जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा करने के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में अपनत्व, विश्वास और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशियों का प्रकाश पहुंचता है, तभी दीपोत्सव का वास्तविक उद्देश्य पूर्ण होता है।“माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने एवं स्थानीय उत्पादों की खरीद को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।”
कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन की यह पहल सेवा और संवेदना का अनुकरणीय उदाहरण है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता ने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश दूसरों के जीवन में आशा और खुशियों का दीप जलाना है। इस अवसर पर नवनियुक्त वार्ड पार्षद श्री देवेंद्र कुमार शर्मा, पुरुषोत्तम यादव एवं कीर्ति गौतम अजय चौधरी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सहभागी सौरभ जैन छवि फार्मा श्रीनाथपुरम रहे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश कुमार जैन ने कहा कि दीपावली प्रेम, सहयोग और संवेदना का पर्व है। रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद वर्ग तक सहयोग और आत्मीयता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला की प्रेरणा से आयोजित यह पहल बच्चों के जीवन में खुशियों का प्रकाश पहुंचाने का विनम्र प्रयास है। बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ही इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक परिस्थितियों के कारण दीपोत्सव की खुशियों से वंचित रह जाने वाले बच्चों तक पर्व का उल्लास पहुंचाना था। बच्चों की सहज मुस्कान और परिवारों का आत्मीय स्नेह इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता रही।
“हमारी दीपावली भी खुशियों से जगमगा उठी” — बच्चों की मुस्कान बनी यादगार
कार्यक्रम में उपस्थित वंचित वर्ग के बच्चों ने दीपावली सामग्री, मिठाई, फुलझड़ियां एवं पटाखे पाकर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उनकी दीपावली भी यादगार बन गई। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने संदेश दिया कि सेवा और संवेदना से जुड़ा छोटा सा प्रयास भी किसी के जीवन में बड़ी खुशियां ला सकता है।
दीपोत्सव के अवसर पर भेंट किए गए पैकेट में मिठाइयां सोनपापड़ी, नमकीन, बिस्कुट के पैकेट, पटाखे,फुलझड़ी,अनार, चकरी, पॉप अप, मिट्टी के दीपक, मोमबत्तियां के पैकेट आदि रखे गए
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र सिंह चौहान सहित परमानंद गोयल, टीकमचंद जैन,लक्ष्मण सिंह चंद्रावत, प्रदीप कुमार अग्रवाल, अनिल कुमार, रवि गुप्ता, श्री राजेन्द्र कुमार जैन बी.के. शर्मा, रणवंत सिंह राणा, बी.एस. चन्द्रावत, एल.आर. सिन्हा, रामस्वरूप अजमेरा, श्री महावीर जैन, राकेश शर्मा, महावीर विजय, हेमराज चित्तौड़ा , गोपाल गर्ग तथा यज्ञदत्त हाड़ा मनोज यादव, प्रदीप अग्निहोत्री सहित बड़ी संख्या में एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में महामंत्री आर.के. जैन ने माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विशिष्ट अतिथियों एवं सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।






