कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) द्वारा आमजन तथा बैंकिंग सेवा से जुड़े कार्मिकों के लिए बहुप्रतीक्षित ‘सत्यम् शिवम् सुन्दरम् आवासीय योजना’ का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। प्राधिकरण द्वारा इस योजना के अंतर्गत कुल 733 आवासीय भूखंड 850/- रुपये प्रति वर्गफुट की निश्चित विक्रय दर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन भरने की प्रक्रिया 06 नवम्बर 2026 से शुरू हो गई है जो 05 दिसम्बर 2026 तक चलेगी।
इस महत्वपूर्ण लॉन्चिंग कार्यक्रम के दौरान प्राधिकरण के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल, सचिव मुकेश कुमार चौधरी, वित्त निदेशक रोहित दीक्षित, उपायुक्त शिक्षा पवन, निदेशक नियोजन भूपेश मालव, संयुक्त निदेशक प्रदीप कुमार तथा राजस्व सलाहकार परमानन्द गोयल सहित प्राधिकरण के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं शहर के नागरिक उपस्थित रहे।
योजना को आवेदकों की सुविधा और श्रेणी के अनुसार तीन अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है। आम नागरिकों के लिए सेक्टर A (‘सत्यम्’) एवं सेक्टर B (‘शिवम्’) में कुल 452 भूखंडों का प्रावधान किया गया है। इसमें 4.5 गुना 9 मीटर से 12 गुना 27 मीटर तक के भूखंड हैं।
वहीं, सेक्टर C (‘सुन्दरम्’) को विशेष रूप से बैंकिंग सेवा से जुड़े नियमित अथवा सेवानिवृत्त कार्मिकों के लिए आरक्षित किया गया है। इसके तहत पब्लिक सेक्टर या को-ऑपरेटिव बैंकों के वे अधिकारी और कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं जो कोटा संभाग में सेवारत हैं या यहां के मूल निवासी हैं। इस सेक्टर में 7.5 गुना 15 से 12 गुना 27 मीटर तक के भूखंड हैं।
यह आवासीय योजना रणनीतिक रूप से बेहद खास लोकेशन पर विकसित की जा रही है। यह ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट (शम्भूपुरा), करीब 750 हेक्टेयर भूमि पर विकसित हो रही प्रस्तावित एयरोसिटी, कोटा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग -52 तथा कोटा-चित्तौड़ राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के बिल्कुल समीप स्थित है। साथ ही हैंगिंग ब्रिज, ट्रक टर्मिनल, वेयरहाउस, होलसेल मार्केट और36 व 24 मीटर चौड़ी मुख्य आउटडोर सड़कों, पार्कों जैसी आधुनिक सुविधाओं का योजना क्षेत्र के आसपास समुचित प्रावधान किया गया है।
प्राधिकरण ने इस योजना में आवेदकों को बड़ी राहत देते हुए कई महत्वपूर्ण शिथिलताएं भी प्रदान की हैं। योजना के नियमों से पूर्व में भूखंड होने की अनिवार्य शर्त को पूरी तरह हटा दिया गया है। इसके साथ ही आय वर्ग की बाध्यता को भी समाप्त कर दिया गया है, जिससे कोई भी इच्छुक नागरिक अपनी पसंद और आवश्यकता के अनुरूप किसी भी आकार के भूखंड के लिए आवेदन कर सकता है।आवेदन ऑनलाइन ही होंगे ।
इसका लिंक https://elottery-kda.project247.in/ है। यह लिंक केडीए की Brother https://kda.rajasthan.gov.in/home/dptHome पर भी उपलब्ध है । प्राधिकरण प्रशासन ने आमजन से निर्धारित तिथि 05 दिसम्बर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।





