रेलवे कर्मियों और आरपीएफ की सतर्कता से बाल कल्याण समिति तक पहुंची बालिका
कोटा। बयाना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर लगभग 20:25 बजे एक 13 वर्षीय बालिका अकेली एवं गुमसुम अवस्था में मिली। ड्यूटी पर तैनात पॉइंट्समैन ने इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल, बयाना को दी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि सूचना पर सहायक उप निरीक्षक देवेन्द्र कुमार ने बालिका को सुरक्षित आरपीएफ आउट पोस्ट, बयाना लाकर उससे जानकारी ली। बालिका ने बताया कि वह पुराना फरीदाबाद क्षेत्र की रहने वाली है और पारिवारिक कारणों से बिना बताए घर से निकल आई थी। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन, भरतपुर को सूचित किया गया।
बालिका को गाड़ी संख्या 13238 से भरतपुर ले जाकर चाइल्ड हेल्पलाइन की सदस्य श्रीमती खुशबू के साथ बाल कल्याण समिति, भरतपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के निर्देश पर उसे राजकीय बालिका गृह, भरतपुर में दाखिल कराया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि रेलवे परिसर में सहायता की आवश्यकता वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर रेलवे कर्मचारी एवं रेलवे सुरक्षा बल सतर्क रहते हैं। यात्रियों से भी अपील है कि ऐसी स्थिति में तुरंत रेलवे कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल अथवा रेल मदद 139 को सूचना दें।





