Sunday, September 20, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

प्राथमिक अध्यापक संघ के अधिवेशन में प्रकाश जायसवाल ने शिक्षकों को दिया एकजुटता का संदेश

भारत सिंह चौहान✍️

कोटा/ प्राथमिक अध्यापक संघ (लेवल प्रथम) शाखा कोटा-बूंदी का संयुक्त जिला स्तरीय शैक्षिक अधिवेशन 18 एवं 19 सितंबर को शगुन रिसॉर्ट, बोरखेड़ा, कोटा में आयोजित हुआ। अधिवेशन में शिक्षकों के शैक्षिक, व्यावसायिक एवं सेवा संबंधी विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रकाश जायसवाल, अध्यक्ष शिक्षा सहकारी 696 कोटा-बारां एवं रामचरण मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, कोटा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राथमिक अध्यापक संघ लेवल प्रथम के प्रदेश कोषाध्यक्ष इंद्रजीत चौधरी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सीबीईओ सांगोद रामावतार रावल उपस्थित रहे।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रकाश जायसवाल ने शिक्षक संगठन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से शासन तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए संगठित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने शिक्षकों से संगठन की एकजुटता और आपसी समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।

जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रामचरण मीणा ने संगठन द्वारा शिक्षक हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके सुझाव एवं अनुभव शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। विशिष्ट अतिथि रामावतार रावल ने शिक्षकों के कर्तव्यों एवं दायित्वों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में प्राथमिक स्तर के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।

अध्यक्षीय संबोधन में प्रदेश कोषाध्यक्ष इंद्रजीत चौधरी ने संगठन द्वारा शिक्षक हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों की विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि बीएसटीसी धारी लेवल प्रथम शिक्षकों को अनुभव के आधार पर पदोन्नति देने, बी.एड. इंटर्नशिप के दौरान वेतन कटौती के आदेश वापस लेने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण शीघ्र खोलने तथा शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने जैसी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। अधिवेशन में इन मांगों को लेकर संगठन की ओर से प्रभावी प्रयास जारी रखने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक स्तर पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सम्मेलन में संभाग अध्यक्ष पद पर रेवती रमण नागर, कोटा जिलाध्यक्ष पद पर रविन्द्र पाल तथा झालावाड़ जिलाध्यक्ष पद पर अक्षय नागर को मनोनीत करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

पर्यावरण प्रेमी एवं पारिवारिकी वानिकी कोटा संभाग संयोजक भुवनेश मालव ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में लेवल प्रथम शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों में पर्यावरण एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करने में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

अधिवेशन में कोटा जिला अध्यक्ष रेवती रमण नागर एवं बूंदी जिलाध्यक्ष विनोद शर्मा ने अतिथियों एवं विभिन्न स्थानों से आए शिक्षक साथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन महिला अध्यक्ष पूजा झाम ने किया। सम्मेलन की तैयारियों में संपूर्ण जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सहयोग किया, जबकि कोष संबंधी व्यवस्थाओं का प्रबंधन कोषाध्यक्ष जितेंद्र मीणा ने किया। मंच व्यवस्था पवन, अरविंद मेहता, संभाग उपाध्यक्ष सत्यवत पारेता एवं उनकी टीम द्वारा संभाली गई।

अधिवेशन में बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन के माध्यम से शिक्षक हित से जुड़े विषयों पर सामूहिक चर्चा के साथ संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles