कोटा। नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर शनिवार को नामांकन के आखिरी समय में भाजपा ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया। भाजपा की ओर से वार्ड 98 से निर्वाचित पार्षद अनुसुईया गोस्वामी को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया गया है। नामांकन की अंतिम घड़ी में अनुसुईया गोस्वामी का नाम सामने आया और उनका नामांकन दाखिल कराया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन दोपहर करीब 2:40 बजे नगर निगम पहुंचे। प्रत्याशी के नाम की घोषणा में हुई देरी को लेकर उन्होंने कहा कि “सस्पेंस बड़ी चीज है, बना रहना चाहिए।” इसके बाद पार्टी की ओर से अनुसुईया गोस्वामी के नाम की औपचारिक घोषणा की गई और उन्होंने मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
वहीं, कांग्रेस की ओर से वार्ड 17 से निर्वाचित पार्षद सुनीता सुमन ने मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष राखी गौतम सहित कांग्रेस के पार्षद मौजूद रहे।
मेयर पद के लिए दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के नामांकन के साथ ही कोटा नगर निगम में मेयर चुनाव की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। अब चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण में प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच और आगे की चुनावी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।






