Tuesday, September 15, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

स्व. हरीश चांदीवाला की चतुर्थ पुण्यतिथि पर विशाल रक्तदान शिविर, 267 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित

कोटा। अग्रवाल समाज के प्रेरणापुंज, भामाशाह एवं नेत्रदानी स्व. हरीश चन्द अग्रवाल ‘चांदीवाला’ की चतुर्थ पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में 13 सितम्बर, रविवार को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन स्व. हरीश चांदीवाला की धर्मपत्नी रेणु गुप्ता ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत परिवारजनों द्वारा स्व. हरीश चांदीवाला की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। शिविर सुबह 10 बजे शुरू हुआ, जो शाम तक चला। कोटा शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग रक्तदान के लिए पहुंचे और उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

आयोजक संदीप अग्रवाल चांदीवाला ने बताया कि शिविर में 267 से अधिक यूनिट रक्तदान हुआ। युवाओं और युवतियों में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। करीब 55 लोगों ने पहली बार रक्तदान किया। कई दंपतियों ने भी साथ पहुंचकर रक्तदान किया। वहीं, करीब 112 महिलाएं हीमोग्लोबिन की कमी के कारण रक्तदान नहीं कर सकीं। शिविर में दो दिव्यांग व्यक्तियों ने भी रक्तदान कर उपस्थित लोगों को प्रेरित किया।

रक्त संग्रहण में कृष्णा रोटरी ब्लड बैंक, कोटा ब्लड बैंक, अग्रवाल ब्लड बैंक, एमबीएस ब्लड बैंक, श्रीजी ब्लड बैंक एवं न्यू मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक ने सहयोग प्रदान किया। शिविर के दौरान कई लोगों ने नेत्रदान के लिए संकल्प पत्र भी भरे।

आयोजक संदीप अग्रवाल ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। विशेष रूप से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए नियमित रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने भविष्य में भी रक्तदान शिविर आयोजित करने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रखने की बात कही।

शिविर में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, समाजसेवी राजेश कृष्ण बिरला, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन, अग्रवाल समाज संभाग अध्यक्ष मोहन लाल अग्रवाल, संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष मिश्रा, कोटा विकास प्राधिकरण के तरुणकान्त सोमानी सहित विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इसके अलावा टीसी गुप्ता, राखी गौतम, गोदावरी धाम के महंत शैलेन्द्र भार्गव, विवेक राजवंशी, पूर्व विधायक पूनम गोयल, जगदीश जिंदल, जीडी पटेल, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सीबी दास गुप्ता, डॉ. विकास खंडेलिया, डॉ. आरसी साहनी, सुरेश अग्रवाल, महेन्द्र गुप्ता, डॉ. महेन्द्र गर्ग, गोविन्दराम मित्तल सहित अनेक लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles