भारत सिंह चौहान की रिपोर्ट✍️
कोटा। जन्मदिवस को समाजसेवा के संकल्प से जोड़ते हुए होटल रेजेंटा ब्लू के निदेशक विशाल वर्मा एवं अमेरिका स्थित जीस्केलर (Zscaler) के वाइस प्रेसिडेंट रविन्द्र वर्मा के पूज्य पिताजी बंशी लाल वर्मा के 80वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। होटल रेजेंटा ब्लू, 103 ट्रांसपोर्ट नगर विस्तार में आयोजित शिविर में शाम 5 बजे तक 238 यूनिट से अधिक रक्तदान हुआ।
शिविर में युवाओं, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। रक्तदाताओं में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
आयोजक परिवार की ओर से पिछले कई दिनों से शिविर की तैयारियां की जा रही थीं। रक्तदाताओं की सुविधा तथा सुरक्षित रक्त संग्रहण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं और चिकित्सा टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
आयोजक श्री विशाल वर्मा ने कहा कि परिवार ने बंशी लाल वर्मा के 80वें जन्मदिवस को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय इसे जनसेवा से जोड़ने का निर्णय लिया। रक्तदान ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद को जीवनदान मिल सकता है। शिविर के माध्यम से “एक बूंद रक्त—अनेक जिंदगियां” तथा “रक्तदान करें, जीवन बचाएं” का संदेश समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना समाज में मजबूत होना बेहद आवश्यक है। एक रक्तदाता का छोटा-सा प्रयास किसी परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन सकता है।
शिविर की सफलता पर आयोजक परिवार ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा टीम, सामाजिक संस्थाओं, सहयोगियों एवं आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।





