पुरानी सब्जीमंडी व्यापार संघ ने मनाया स्वतंत्रता दिवस, पवन दुआ ने किया ध्वजारोहण
कोटा। पुरानी सब्जीमंडी व्यापार संघ समिति की ओर से 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुरानी सब्जीमंडी स्थित वी.ओ.आर. ट्रेडर्स के सामने स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह में व्यापारियों एवं समिति के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय पर्व मनाया।
कार्यक्रम में संघ अध्यक्ष पवन दुआ ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राष्ट्रगान के साथ उपस्थित व्यापारियों ने देश के प्रति एकता, समर्पण और जिम्मेदारी का संकल्प लिया।
समारोह में महामंत्री जगदीश बबलानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश सुखवानी, कोषाध्यक्ष राजेंद्र माखीजा, सह मंत्री सुरेश साधवानी सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इनमें रमेश कुंदनानी, कमलेश पंजवानी सहित अन्य व्यापारी सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
समिति की ओर से जारी सूचना के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह में व्यापारियों से समय पर उपस्थित होकर देशहित में व्यापारी एकता का परिचय देने का आह्वान किया गया था। कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित व्यापारियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
समारोह में व्यापारियों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।







