“मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल गए हैं, गुरु योगसागर आए हैं…” से गूंजा पुण्योदय नसियां जी | भक्ति, साधना और श्रद्धा के बीच हुआ भव्य वर्षायोग चातुर्मास कलश स्थापना महामहोत्सव
कोटा। “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल गए हैं, गुरु योगसागर आए हैं…” जैसे भावपूर्ण भक्ति गीतों से जब श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन पुण्योदय अतिशय क्षेत्र, नसियां जी, दादाबाड़ी का विशाल परिसर गुंजायमान हुआ तो वातावरण गुरु भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। कहीं श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए, तो कहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। गुरु चरणों में समर्पण और आत्मकल्याण की भावना के साथ परम पूज्य आचार्य भगवन्त श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य, ज्येष्ठ-श्रेष्ठ निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में भव्य वर्षायोग चातुर्मास कलश स्थापना महामहोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुनि श्री योगसागर जी महाराज ने श्रद्धालुओं को धर्म, संयम, संतोष, त्याग और आत्मकल्याण का संदेश देते हुए कहा कि चातुर्मास कलश स्थापना केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि अपने भीतर साधना, संयम और आत्मशुद्धि का संकल्प लेने का अवसर है। धर्म के लिए किया जाने वाला पुण्यार्जन केवल बाहरी आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि भावना यह होनी चाहिए कि जिस परम पद को संतों ने अपनी साधना से प्राप्त किया, उस आत्मपद की ओर हम भी आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि मनुष्य कितना भी धन कमा ले और कितना भी वैभव एकत्र कर ले, लेकिन यदि भीतर की आकुलता और व्याकुलता समाप्त नहीं हुई तो वास्तविक सुख प्राप्त नहीं हो सकता। सच्ची शांति संग्रह और परिग्रह बढ़ाने में नहीं, बल्कि उनसे विमुख होकर आत्मा की ओर लौटने में है। तीर्थंकरों और चक्रवर्तियों ने भी अपार वैभव के बावजूद अंततः त्याग और आत्मसाधना का मार्ग अपनाया। इसलिए धर्म, गुरु और सत्संग का अवसर पूर्व पुण्यों का परिणाम है और इसका उपयोग आत्मकल्याण के लिए करना चाहिए।
________________________________________
मंगलाचरण से कलश स्थापना तक धर्माराधना का भव्य संगम
चातुर्मास कलश स्थापना समारोह का शुभारंभ मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन, आचार्य भगवन्त की संगीतमय पूजन-अर्चना, गुरु चरणों का पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, श्रीफल अर्पण एवं मंगल कलश स्थापना सहित विभिन्न धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं।
श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में नमन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। विभिन्न धार्मिक कलशों की बोलियां एवं घोषणाएं भी हुईं।
महामहोत्सव में अमृत सिद्धि, सर्वार्थ सिद्धि एवं ऋद्धि-सिद्धि के तीन रजतमय कलश विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इनके साथ ज्ञानाराधना, दर्शनाराधना, चारित्राराधना एवं तपाराधना कलश तथा सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान एवं सम्यक्चारित्र भक्ति कलश भी धर्माराधना और आत्मकल्याण के संकल्प के प्रतीक बने।
________________________________________
भक्ति गीतों पर झूमे नन्हे-मुन्ने, गुरु भक्ति से भावविभोर हुआ परिसर
समारोह के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने “मंगल अवसर आया है, गुरु कृपा की ये छाया है…”, “मेरे चौखट पर चलके आज चारों धाम आए हैं…”, “बजाओ ढोल स्वागत में मेरे गुरुदेव आए हैं…”, “मेरा हाथ पकड़ ले रे बाबा…” तथा “झूम-झूम के नाचो रे योग के द्वार पे…” जैसे भक्ति गीतों पर मनमोहक सामूहिक प्रस्तुतियां दीं।
गुरु आगमन की खुशी में श्रद्धालुओं की भावनाएं “श्री योगसागर महाराज, मैं दीवाना हूं तेरा…” और “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल गए हैं, गुरु योगसागर आए हैं…” जैसे भक्ति गीतों में अभिव्यक्त हुईं। पूरा परिसर गुरु भक्ति, जिनवाणी और धर्माराधना के मंगलमय स्वरों से गूंजता रहा।
________________________________________
49 वर्ष बाद राजस्थान में पहली बार योगसागर जी महाराज का चातुर्मास कोटा में
चातुर्मास कमेटी के मुख्य संयोजक हुकम जैन ‘काका’ ने कहा कि यह समाज के अक्षुण्ण पुण्य का उदय है कि निर्यापक श्रमण मुनि श्री योगसागर जी महाराज का पिछले 49 वर्षों में पहली बार राजस्थान में चातुर्मास हो रहा है और वह भी कोटा के पुण्योदय नसियां जी में स्थापित हुआ है। यह समस्त समाज के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है।
उन्होंने कहा कि गुरु कृपा का वर्णन शब्दों में संभव नहीं है। महाराजश्री का अधिकतम समय आचार्य भगवन्त श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के श्रीचरणों में बीता है। आचार्य भगवन्त के ज्ञान के खजाने की चाबी यदि किसी के पास है तो वह योगसागर जी महाराज के पास है। उन्होंने समाजजनों से आह्वान किया कि प्रतिदिन पूज्य मुनिश्री की देशना का लाभ लेकर आचार्य भगवन्त के ज्ञान के उस अमूल्य खजाने को अपने जीवन में उतारें।
हुकम जैन ‘काका’ ने कहा कि आचार्य भगवन्त के लघुनंदन का यह मंगल चातुर्मास कोटा के लिए ऐतिहासिक अवसर है। हमारी भावना है कि चातुर्मास का मंगल संदेश कोटा के प्रत्येक घर तक पहुंचे और अधिकाधिक लोग धर्माराधना से जुड़कर अपने जीवन को सार्थक बनाएं।
________________________________________
“गुरु सान्निध्य भगवान की कृपा, ज्ञान के खजाने में आत्मकल्याण का मार्ग” : प्रहलाद गुंजल
कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याक्षी पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि गुरुजी के खजाने में भले ही भौतिक धन-दौलत नहीं है, लेकिन उनके ज्ञान के अमूल्य खजाने में आत्मकल्याण का मार्ग मौजूद है। संतों का सान्निध्य सहजता से प्राप्त नहीं होता। भगवान की कृपा के बिना संतों का सान्निध्य मिलना संभव नहीं है और आज कोटा को योगसागर जी महाराज का सान्निध्य मिलना निश्चित रूप से भगवान की विशेष कृपा है।
उन्होंने कहा कि श्रावण मास में जिस प्रकार वर्षा से धरती की कोख हरियाली से भर उठती है, उसी प्रकार हमें भी इस धर्मगंगा में श्रद्धा की डुबकी लगाकर अपने अंतर्मन में सद्विचार, संस्कार और सत्कर्मों की फसल को हरा-भरा करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरु चरणों से होकर ही आत्मकल्याण का मार्ग निकलता है। इसलिए प्राप्त हुए इस दुर्लभ गुरु सान्निध्य को केवल दर्शन तक सीमित न रखते हुए पूज्य गुरुदेव की वाणी को जीवन में उतारना ही सच्ची गुरु-भक्ति है।
________________________________________
जनप्रतिनिधियों ने अर्पित किया श्रीफल, लिया मंगल आशीर्वाद
समारोह में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याक्षी पूर्व विधायक पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती राखी गौतम ने पूज्य मुनि श्री योगसागर जी महाराज के समक्ष श्रीफल अर्पित कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
________________________________________
सैकड़ों पुण्यार्जक परिवारों ने की कलश स्थापना
मंदिर अध्यक्ष जम्बू जैन सर्राफ एवं महामंत्री महेन्द्र कासलीवाल ने बताया कि प्रथम कलश का पुण्यार्जन पदम जी , श्री राजेन्द्र जी, श्री हुकम जैन ‘काका’, श्री प्रकाश जी एवं समस्त हरसोरा परिवार द्वारा किया गया।
द्वितीय कलश का पुण्यार्जन श्री महावीर जी, श्रीमती भारती जी, श्री सिद्धार्थ जी एवं समस्त मित्तल परिवार द्वारा श्रद्धाभावपूर्वक किया गया।
तृतीय कलश का पुण्यार्जन, श्रीमती सुशीला बाई जी, श्री विवेक जी, श्री अशोक जी, श्री राजकुमार जी, श्री आनंद जी एवं समस्त ठोरा परिवार द्वारा किया गया।
इसके अतिरिक्त सैकड़ों पुण्यार्जक परिवारों ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ विभिन्न मंगल कलशों की स्थापना कर धर्मलाभ अर्जित किया।
महामहोत्सव में बड़ी संख्या में समाजबंधु, श्रद्धालु, धर्मप्रेमी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। पूरा पुण्योदय नसियां जी परिसर गुरु भक्ति, जिनवाणी, धर्माराधना और आत्मकल्याण की मंगल भावना से अनुप्राणित रहा।
“कलश सिर पर ही नहीं, जीवन के भीतर भी स्थापित हो—यही चातुर्मास की सच्ची सार्थकता है।”










