Wednesday, September 30, 2026
file_000000004a5481f7b6296622e40fa12b
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा स्टेशन पर RPF-CIB की कार्रवाई, संदिग्ध युवक गिरफ्तार; आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 22 आपराधिक मामले

कोटा। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की अपराध खुफिया शाखा (CIB), कोटा ने रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को धारदार चाकू के साथ पकड़ा। आरोपी को गाड़ी संख्या 19817 रतलाम–आगरा हल्दीघाटी एक्सप्रेस के सामान्य श्रेणी के कोच में यात्रियों की जेब टटोलते हुए देखा गया था। आरपीएफ टीम को देखते ही आरोपी कोच के अंदर छिपने का प्रयास करने लगा।

आरपीएफ की CIB टीम प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर अपराध रोकथाम और यात्री सुरक्षा के लिए निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर ट्रेन के इंजन से लगे तीसरे सामान्य श्रेणी के कोच के पिछले गेट के पास खड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। संदिग्ध व्यक्ति यात्रियों की जेब टटोलता दिखाई दिया।

आरपीएफ स्टाफ को देखते ही वह कोच के अंदर छिपने लगा। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। तलाशी लेने पर उसके पायजामे की जेब से 29.5 सेंटीमीटर लंबा धारदार चाकू बरामद हुआ।

पूछताछ के दौरान आरोपी की यात्री सामान चोरी से संबंधित संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता सामने आई। आरोपी की पहचान बनवारी लाल मीणा (32), निवासी कोटा के रूप में हुई है। जांच में उसके खिलाफ पहले से 22 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

आरपीएफ टीम ने धारदार चाकू जब्त कर आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) थाना, कोटा के सुपुर्द कर दिया।

कार्रवाई में ये अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल

आरपीएफ अपराध खुफिया शाखा, कोटा की टीम में सहायक उप निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार, प्रधान आरक्षक अनिल कुमार, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र सिंह और आरक्षक प्रवीण कुमार शामिल रहे।

रेल प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल RPF अथवा GRP को सूचित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles