कोटा। शहर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में मासूम बालिका की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बालिका परिधि छत पर खेल रही थी। खेलते समय वह करीब 15 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन आनन-फानन में बालिका को उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बालिका छत पर खेल रही थी, इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। मासूम की अचानक हुई मौत से क्षेत्र में भी शोक की लहर है।





