कोटा/मंदसौर। “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 0.211 किलोग्राम (211 ग्राम) अवैध एमडी बरामद की है। इस कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
CBN को मिली विशिष्ट गुप्त सूचना के अनुसार मध्यप्रदेश के मंदसौर-सीतामऊ मार्ग पर काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से अवैध एमडी की तस्करी की जा रही थी। सूचना के आधार पर CBN कोटा डिवीजन की टीम गठित कर 4 अगस्त को रवाना किया गया।5 अगस्त को ग्राम अरणिया निजामुद्दीन के निकट संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान बाइक के फ्रंट विजर के अंदर छिपाए गए प्लास्टिक बैग से करीब 211 ग्राम अवैध एमडी बरामद हुई।
सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद अवैध एमडी और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
CBN ने कहा कि यह कार्रवाई अधिकारियों की सतर्कता, मेहनत और समर्पण का परिणाम है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत उसका उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती नहीं, बल्कि अवैध तस्करी नेटवर्क और ड्रग कार्टेल का पूरी तरह सफाया करना है। मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






