कोटा। किशोरपुरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते महिला पर हुए जानलेवा हमले के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले में नामजद मुख्य आरोपी हरीश गैरा की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता ने कोटा रेंज आईजी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मुख्य आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहा है, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। परिजनों का कहना है कि आरोपी पक्ष की ओर से लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं।
गौरतलब है कि पुरानी रंजिश के चलते महिला के घर में घुसकर धारदार हथियारों और लाठियों से हमला किया गया था। हमले में महिला की एक आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी, जबकि सिर और शरीर पर भी कई गंभीर चोटें आई थीं। घायल महिला का एमबीएस अस्पताल में ऑपरेशन किया गया था।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मुख्य आरोपी हरीश गैरा की जल्द गिरफ्तारी, परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में मुख्य आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
क्या बोले थाना अधिकारी?
किशोरपुरा थाना अधिकारी चेतन शर्मा ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी हरीश गैरा का नाम भी मामले में शामिल है और उसकी तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपना मोबाइल घर पर छोड़कर फरार है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में भी कठिनाई आ रही है।






