Friday, August 7, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

नशामुक्त भारत अभियान का कोटा में शुभारंभ, 10 करोड़ लोगों को दिलाई जाएगी नशामुक्ति की शपथ

कोटा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, कमला उद्यान, कुन्हाड़ी, कोटा में आज भारत सरकार एवं ब्रह्माकुमारी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “नशामुक्त भारत अभियान” का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जे.के. लोन हॉस्पिटल के सेंट्रल लैब प्रभारी राजीव सिंह एवं वरिष्ठ पत्रकार संजीव सक्सेना रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी रेणुका दीदी ने मुख्य अतिथियों का पटका एवं अभियान का स्लोगन भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

कोटा संभाग प्रभारी राजयोगिनि ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत सरकार एवं ब्रह्माकुमारी संस्थान के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत देशव्यापी नशामुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इस महाअभियान के तहत देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जाकर विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाएगा तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी।

दीदी ने बताया कि इस राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ 2 अगस्त को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था, जिसमें लगभग 2 करोड़ लोगों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वस्थ, जागरूक एवं संस्कारवान भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्य अतिथि राजीव सिंह ने ब्रह्माकुमारी संस्थान के इस जनजागरण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था सदैव राष्ट्रहित एवं समाजहित के कार्यों में अग्रणी रही है। राजयोग के माध्यम से ब्रह्माकुमारी संस्थान देश-विदेश में लाखों लोगों को नशे सहित अनेक बुरी आदतों से मुक्त कर सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दे रहा है।

वरिष्ठ पत्रकार संजीव सक्सेना ने भी नशामुक्त भारत अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए इस प्रकार के जागरूकता अभियान समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने सेवा केंद्र स्थित आध्यात्मिक आर्ट गैलरी का अवलोकन कर उसकी सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों को ईश्वरीय प्रसाद वितरित किया गया तथा नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles