कोटा के नांता थाना क्षेत्र में वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस की कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी एक युवक को जमीन पर दबोचे हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक महिला उसे छुड़ाने की कोशिश करती नजर आ रही है। घटना को लेकर पुलिस और आरोपी के परिजनों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।नांता थाना प्रभारी महावीर मीणा ने बताया की नांता गांव निवासी राजन साजन के खिलाफ नांता सहित विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से एक मामले में न्यायालय से उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। पुलिस कई बार उसे पकड़ने के लिए दबिश दे चुकी थी, लेकिन वह नहीं मिला। मंगलवार को सूचना मिली कि राजन अपने घर पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वारंट की तामील करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के परिजनों ने कार्रवाई में बाधा डालते हुए उसे छुड़ाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद राजन साजन के साथ उसके कुछ परिजनों को भी सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।दूसरी ओर, परिजनों का आरोप है कि राजन पहले से दर्ज मामलों में नियमित रूप से न्यायालय में पेश हो रहा था। उनका कहना है कि पुलिस ने बिना उचित कारण उसे गिरफ्तार किया और कार्रवाई के दौरान राजन सहित परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की।






