कोटा। कोटा शहर की किशोरपुरा थाना पुलिस ने सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में 56 वर्षीय महिला से दिनदहाड़े कुंडल छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है, जबकि छीना गया कुंडल बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
थानाधिकारी चेतन शर्मा ने बताया कि 3 अगस्त को सिंधी कॉलोनी में महिला से कुंडल छीनने की घटना सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।
पीड़िता की बेटी द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, उसकी 56 वर्षीय मां कृष्णा डेयरी चौराहे के पास चप्पल ठीक कराने गई थीं। वापस लौटते समय चेहरे पर कपड़ा बांधे बाइक सवार युवक ने झपट्टा मारकर उनके कान का कुंडल छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान महेंद्र उर्फ अनिल सरसिया, निवासी नयापुरा के रूप में की। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी नयापुरा थाने में लूट का मामला दर्ज है। पुलिस अब छीना गया कुंडल बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है।






