कोटा। श्रीराम मंदिर प्रबंध समिति, कोटा जंक्शन के तत्वावधान में 10 अगस्त (सोमवार) को प्रातः 8 बजे विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे भाग लेंगे। समिति द्वारा विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से यात्रा का भव्य स्वागत करने की अपील की गई है।
समिति के संयोजक हरि कुमार शर्मा द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार कांवड़ यात्रा भीतरिया कुण्ड, कोटा से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से निकलेगी। यात्रा का निर्धारित मार्ग रामधाम, भोजजी बाबा की बगीची, श्री रामरघुनाथ मंदिर किशोरपुरा दरवाजा, गढ़ पैलेस, टिपटा चौराहा, कैथूनीपोल थाना, गांधी जी का पुल, भूतेश्वर धर्मशाला, अग्रसेन बाजार, रामपुरा, लाडपुरा, पुराना खंडेलवाल धर्मशाला तथा भीमगंजमंडी होते हुए श्रीराम मंदिर, कोटा जंक्शन तक रहेगा।
श्रीराम मंदिर प्रबंध समिति ने शहरवासियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से आग्रह किया है कि वे यात्रा मार्ग पर स्वागत द्वार लगाकर तथा पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करें। समिति का कहना है कि कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे का भी संदेश देगी।
इस आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।






