कोटा। सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर कैथूनीपोल स्थित प्राचीन गौरीशंकर महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। लगभग ढाई सौ वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान शिव का पूजा अर्चना कर विश्व कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर भगवान गौरीशंकर महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया तथा सायंकाल भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर से जुड़े लोगों ने बताया कि कैथूनीपोल स्थित गौरीशंकर महादेव मंदिर कोटा दरबार के समय का लगभग 250 वर्ष पुराना ऐतिहासिक मंदिर है, जिसकी धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यता आज भी बनी हुई है। सावन मास में यहां विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है।
महाआरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।






