कोटा। सावन मास के पहले सोमवार पर कोटा का सुप्रसिद्ध शिवपुरी धाम शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर पहुंचने लगी। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन किया। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सावन के पहले सोमवार को देखते हुए मंदिर प्रशासन और स्थानीय व्यवस्थापकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए। दर्शन व्यवस्था, जलाभिषेक की अलग कतारें तथा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो सके।
शिवपुरी धाम में भक्तों का पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। विशेषकर युवा, महिलाएं और कांवड़िए बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे। सावन के पावन अवसर पर पूरे मंदिर परिसर का वातावरण भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से ओत-प्रोत दिखाई दिया।






